Homeराज्यबक्सर में वामन द्वादशी मेला और CM के दौरे को लेकर ट्रैफिक...

बक्सर में वामन द्वादशी मेला और CM के दौरे को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, 22-23 सितंबर को भारी वाहनों की नो-एंट्री; कई रूट डायवर्ट

बक्सर : जिले में 22 और 23 सितंबर को आयोजित होने वाले वामन द्वादशी मेले और 23 सितंबर को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित बक्सर दौरे को लेकर जिला एवं पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। शहर में जाम की स्थिति से निपटने, सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए कई मार्गों पर वाहनों के परिचालन को नियंत्रित किया जाएगा।

प्रशासन की ओर से जारी यातायात योजना के अनुसार 22 सितंबर की रात 8 बजे से 23 सितंबर की रात 10 बजे तक बक्सर शहर की सीमा में सभी प्रकार के भारी और बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। वहीं, 23 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक शहर के प्रमुख मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूर्ण या आंशिक रूप से प्रतिबंधित रहेगा।

प्रतिबंधित अवधि में चार पहिया वाहन, ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा और मोटरसाइकिलों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक और डायवर्टेड रूट निर्धारित किए गए हैं। प्रशासन ने आयोजन के दौरान वाहनों की पार्किंग के लिए भी अलग-अलग स्थान तय किए हैं।

चार पहिया वाहनों का कम इस्तेमाल करने की अपील

जिला प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मेले और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान अनावश्यक रूप से चार पहिया वाहनों का इस्तेमाल न करें। लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

हालांकि, रोगी वाहन, एंबुलेंस और अत्यावश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों पर नो-एंट्री लागू नहीं होगी। ऐसे वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दिया जाएगा।

रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भी प्रशासन ने सलाह दी है कि वे घर से निकलते समय अपने साथ वैध रेलवे टिकट जरूर रखें, ताकि यातायात प्रतिबंध के दौरान उन्हें स्टेशन तक पहुंचने में परेशानी न हो।

ये प्रमुख मार्ग रहेंगे प्रतिबंधित

प्रशासन की यातायात योजना के तहत आइटीआइ मोड़ से मठिया मोड़, हवाई अड्डा मोड़, सेंट्रल जेल मोड़, ठोरा पुल और दानी कुटिया मोड़ तक का मार्ग प्रतिबंधित रहेगा।

इसके अलावा आइटीआइ मोड़ से डीएवी मोड़, ज्योति चौक, बस स्टैंड, सिंडिकेट मोड़ होते हुए गोलंबर तक तथा गोलंबर से अहिरौली, कथकौली मोड़, चुरामनपुर और पड़री मोड़ तक के मार्ग पर भी यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा।

इन वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल

मार्ग-1: गोलंबर से सारीमपुर पुल, मठिया पुल, मुनिम चौक, जमुना चौक, ठठेरी बाजार होते हुए पुलिस चौकी तक।

मार्ग-2: पुलिस चौकी से रामरेखा घाट, पीपी रोड और मुनिम चौक के रास्ते।

मार्ग-3: पुलिस चौकी से नाथ बाबा पुल, जेल मोड़, सुमेश्वर नाथ मंदिर, वामन देव मंदिर, सिपाही घाट और तीन मोहानी घाट की ओर।

मार्ग-4: पुलिस चौकी से ज्योति चौक, आंबेडकर चौक, रेलवे स्टेशन और इटाढ़ी गुमटी की ओर।

इन जगहों पर होगी वाहनों की पार्किंग

प्रशासन ने आयोजन के दौरान वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा करने के लिए चार प्रमुख पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।

किला मैदान में सभी प्रकार के ट्रैक्टर, पिकअप, छोटे और बड़े वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। बाजार समिति परिसर में भी ट्रैक्टर, पिकअप और छोटे-बड़े वाहनों को खड़ा किया जा सकेगा।

सिपाही घाट पर छोटे वाहनों और मोटरसाइकिलों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं, रेलवे स्टेशन के पास मालगोदाम के सामने मोटरसाइकिल, ऑटो और चार पहिया वाहनों को खड़ा किया जा सकेगा।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें और प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें। मेले और मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments