पटना/दानापुर :अग्निवीर जीडी भर्ती प्रक्रिया में मंगलवार को सारण जिले के युवाओं ने हिस्सा लिया। दानापुर स्थित बिहार-झारखंड सेना भर्ती मुख्यालय के चांदमारी परिसर के पास आयोजित भर्ती में 333 अभ्यर्थियों को सफलता मिली। मैदान में जलजमाव के कारण अभ्यर्थियों की 1600 मीटर दौड़ सड़क पर कराई गई।
602 अभ्यर्थियों ने कराया था पंजीकरण
सारण जिले से करीब 602 अभ्यर्थियों ने भर्ती के लिए पंजीकरण कराया था। इनमें लगभग 515 अभ्यर्थी भर्ती स्थल पर पहुंचे, जबकि 435 अभ्यर्थियों ने 1600 मीटर दौड़ में हिस्सा लिया।
दौड़ में निर्धारित मानक पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को आगे लंबी कूद, बीम और अन्य शारीरिक दक्षता परीक्षण से गुजरना पड़ा। इसके साथ ही शैक्षणिक प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की गई। इन प्रक्रियाओं में सफल रहे 333 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। अब चयनित अभ्यर्थियों की अगली प्रक्रिया में मेडिकल जांच होगी।
रात से ही शुरू हो गई थी भर्ती प्रक्रिया
भर्ती स्थल पर अभ्यर्थियों का प्रवेश रात करीब एक बजे से शुरू किया गया। अभ्यर्थियों को चांदमारी के पिछले गेट से प्रवेश दिया गया। दस्तावेजों की जांच के बाद उन्हें दौड़ के लिए भेजा गया।
सुबह करीब तीन बजे से 1600 मीटर दौड़ शुरू कराई गई। दस्तावेजों में गड़बड़ी पाए जाने पर कुछ अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया से बाहर कर दिया गया।
तय समय में दौड़ पूरी नहीं करने वाले बाहर
1600 मीटर दौड़ में निर्धारित समय के भीतर लक्ष्य पूरा नहीं कर पाने वाले कई अभ्यर्थी आगे की प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सके। दौड़ में सफल अभ्यर्थियों को इसके बाद लंबी कूद और बीम सहित अन्य शारीरिक परीक्षणों से गुजरना पड़ा।
भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए सैन्य अधिकारी को पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया गया था। सड़क पर होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों की भी व्यवस्था की गई थी।
अभ्यर्थियों को दलालों से सावधान रहने की सलाह
सेना भर्ती निदेशक बिंदु अग्रिहोत्री ने अभ्यर्थियों और उनके परिजनों से दलालों से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि भर्ती कराने के नाम पर ठगी करने वाले लोगों के झांसे में न आएं। फर्जी दस्तावेज के साथ भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
दौड़ के दौरान अभ्यर्थी घायल
भर्ती के दौरान सड़क पर दौड़ लगाने के दौरान कुछ अभ्यर्थियों के घायल होने की भी सूचना है। छपरा के मुबारकपुर निवासी **मनीष कुमार का पैर टूट गया**। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जेपीएन अस्पताल रेफर किया गया।
बुधवार को भोजपुर के अभ्यर्थियों की भर्ती
सारण के बाद अब भोजपुर जिले के अग्निवीर जीडी अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया बुधवार को आयोजित की जाएगी। भर्ती अधिकारियों के अनुसार इसके लिए सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
