डेस्क: पटना के बुद्ध कॉलोनी इलाके में देर शाम अपराधियों ने पार्षद के पति अनिल कुमार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। अब इस वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बाइक सवार हमलावर घटना को अंजाम देते नजर आ रहे हैं।
बाइक से पहुंचे हमलावर, अचानक बरसा दी गोलियां
जानकारी के अनुसार, अनिल कुमार अपने अपार्टमेंट के नीचे बैठे हुए थे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधी वहां पहुंचे और उन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने अनिल कुमार को करीब पांच गोलियां मारीं।
फायरिंग के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात अपार्टमेंट के आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई।
CCTV फुटेज में दिखी पूरी वारदात
सामने आए CCTV वीडियो में देखा जा सकता है कि बाइक सवार हमलावर मौके पर पहुंचते हैं और अनिल कुमार पर फायरिंग करते हैं। इसके बाद दोनों मौके से बाइक लेकर निकल जाते हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज के साथ-साथ आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। हमलावरों की पहचान होने के बाद ही घटना के कारण और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।
