Home राज्य नेपाल में भारी बारिश से बिहार अलर्ट, मुख्य सचिव की अध्यक्षता में...

नेपाल में भारी बारिश से बिहार अलर्ट, मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई हाईलेवल बैठक

0

पटना: नेपाल के तराई क्षेत्र में गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के मद्देनजर बिहार में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। संभावित स्थिति को देखते हुए गंडक, बागमती और कोसी नदी तंत्र से जुड़े संवेदनशील जिलों के प्रशासन को अलर्ट मोड में रहने और सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

वर्तमान स्थिति को लेकर आपदा प्रबंधन विभाग में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। सीतामढ़ी, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सारण, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, कटिहार, खगड़िया और बेगूसराय के जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

इन जिलों में विशेष निगरानी

भारी बारिश की संभावना को देखते हुए संबंधित जिलों में नदी के जलस्तर और प्रवाह की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा निचले इलाकों, तटबंधों, नदी किनारे बसे गांवों, पुल-पुलियों और संपर्क मार्गों पर भी विशेष नजर रखने को कहा गया है।

कोसी नदी के जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन इसके बावजूद कोसी से जुड़े जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन को संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए पहले से सभी तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया है।

NDRF और SDRF को अलर्ट रहने के निर्देश

संभावित बाढ़ या अन्य आपात स्थिति से निपटने के लिए NDRF और SDRF को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। सभी संबंधित जिलों में नाव, लाइफ जैकेट, रेस्क्यू उपकरण और अन्य जरूरी संसाधनों को पर्याप्त संख्या में तैयार रखने को कहा गया है।

समय पर सूचना और सुरक्षित निकासी पर जोर

संभावित प्रभावित इलाकों में माइकिंग के माध्यम से लोगों तक अग्रिम चेतावनी पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर प्रभावित आबादी को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के निर्देश

जिला प्रशासन, पुलिस, जल संसाधन विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के बीच लगातार समन्वय बनाए रखने को कहा गया है। उपलब्ध संसाधनों को स्टैंडबाय और एक्टिव मोड में रखा जा रहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर बचाव और राहत कार्य तत्काल शुरू किया जा सके।

आम लोगों से घबराने की अपील नहीं

मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जनप्रतिनिधियों और आम लोगों को स्थिति की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौजूदा स्थिति को लेकर किसी तरह की अफवाह या घबराहट की जरूरत नहीं है। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और संवेदनशील इलाकों में आवश्यक संसाधनों को पहले से तैयार रखा जा रहा है।

किसी भी आपातकालीन सहायता के लिए आपदा प्रबंधन विभाग के टोल फ्री नंबर 1070 पर संपर्क किया जा सकता है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
राज्य

मीसा भारती के आरोपों पर दिलीप जायसवाल का पलटवार, कहा- ‘लोगों के बीच जाने के बजाय थाना घूम रहे’

Exit mobile version