डेस्क : जनता दल यूनाइटेड (JDU) के बिहार प्रदेश कला, संस्कृति एवं खेल प्रकोष्ठ ने अपनी नई राज्य कार्यकारिणी और प्रदेश के सभी 52 सांगठनिक जिलों के जिलाध्यक्षों की सूची जारी कर दी है। शनिवार को पटना स्थित पार्टी प्रदेश मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने नई टीम की घोषणा की। यह घोषणा प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के अवलोकन और स्वीकृति के बाद की गई।
इस दौरान पार्टी मुख्यालय प्रभारी अंजुम आरा और शंभू कुशवाहा भी मौजूद रहे।
26 प्रदेश उपाध्यक्ष और 27 महासचिव बनाए गए
कृष्णा पटेल के मुताबिक, नई राज्य कार्यकारिणी में कुल 26 प्रदेश उपाध्यक्ष, 27 प्रदेश महासचिव और 32 प्रदेश सचिव मनोनीत किए गए हैं।
प्रदेश उपाध्यक्ष के तौर पर आशीष बलिदानी, सौरभ यादव, अभिषेक राज, आशीष सिन्हा, सत्यम पटेल, रश्मि श्रीवास्तव, गौरव कांत, लेखिका अनिता कुमारी, ज्योति कुमार, आनंद प्रकाश, संजीव कुमार, मनीष कुमार, कुमारी स्मिता, अरविंद कुमार भारती और अभिषेक पटेल समेत अन्य नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं पल्लवी कुमारी, अर्जुन राय, आदित्य कुमार, राष्ट्रीय कलाकार कुमार उदय सिंह, नीरज कुमार सिंह, गौरव गिरी और रजनीकांत समेत कुल 27 नेताओं को प्रदेश महासचिव बनाया गया है।
कोषाध्यक्ष और मीडिया प्रभारी की भी नियुक्ति
नई टीम में नितीश कुमार को प्रदेश कोषाध्यक्ष और विक्की बिहारी को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश सचिव के पद पर भी 32 लोगों को मनोनीत किया गया है।
बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का दावा
कृष्णा पटेल ने कहा कि नई कार्यकारिणी और जिलाध्यक्षों की प्राथमिक जिम्मेदारी संगठन को अनुमंडल, प्रखंड, पंचायत और बूथ स्तर तक सक्रिय एवं जनोन्मुखी बनाना होगी।
उन्होंने कहा कि कला, संस्कृति और खेल से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सात निश्चय, सुशासन और जनसेवा से जुड़े विचारों को लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रदेशभर में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
युवाओं और कलाकारों को संगठन से जोड़ने की तैयारी
प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ‘20 साल बेमिसाल-जनसेवा की स्वर्णिम मिसाल’ संदेश के साथ युवाओं, खिलाड़ियों, खेलप्रेमियों, कलाकारों, साहित्यकारों, फिल्मकारों और संगीतकारों सहित कला-संस्कृति से जुड़े लोगों को संगठन से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा।
प्रेस नोट के मुताबिक, प्रकोष्ठ की ओर से निशांत कुमार को भविष्य में बिहार के सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन में नेतृत्वकारी भूमिका दिए जाने की संगठनात्मक आकांक्षा भी व्यक्त की गई है। इसके तहत ‘निशांत निश्चय’ कार्यक्रम के जरिए जनसंपर्क अभियान चलाने की बात कही गई है।
खिलाड़ियों के अधिकार और पारदर्शी चयन पर जोर
कृष्णा पटेल ने कहा कि प्रकोष्ठ खिलाड़ियों के अधिकार, खेलों में चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और खेल आधारभूत संरचना से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगा।
पंचायत से लेकर स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर तक कला, संस्कृति एवं खेल प्रतियोगिताओं को बढ़ावा देने की योजना है। इसके साथ ही विश्वविद्यालयों में ‘तरंग’ और ‘एकलव्य’ जैसे आयोजनों को फिर से शुरू कराने के लिए पहल करने की बात कही गई है।
वंचित प्रतिभाओं के लिए मुफ्त प्रशिक्षण केंद्र की योजना
प्रकोष्ठ ने आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित प्रतिभावान बच्चों के साथ-साथ शहीद जवानों एवं पत्रकारों के बच्चों के लिए भी विशेष योजना की जानकारी दी है।
प्रेस नोट के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न जिलों में ‘स्मृति शेष मंजू सिन्हा सुपर टैलेंट’ के तहत नि:शुल्क खेल प्रशिक्षण केंद्र संचालित करने की योजना है। इसका उद्देश्य आर्थिक कठिनाइयों के कारण प्रतिभाशाली बच्चों के खेल प्रशिक्षण में आने वाली बाधाओं को कम करना बताया गया है।
52 जिलों में संगठन को सक्रिय करने की तैयारी
JDU कला, संस्कृति एवं खेल प्रकोष्ठ की नई टीम के साथ अब सभी 52 सांगठनिक जिलों में संगठनात्मक गतिविधियों को विस्तार देने की तैयारी है। प्रकोष्ठ की ओर से कला, संस्कृति और खेल को संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ते हुए युवाओं और प्रतिभाओं तक पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया गया है।
