पटना : शहर में पार्किंग और अतिक्रमण की समस्या कम करने के लिए 261.84 करोड़ रुपये की लागत से 15 प्रमुख स्थानों को Integrated Civic & Commercial Hub के रूप में विकसित करने की योजना है। इन हब में जमीन की उपलब्धता के अनुसार कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स, होटल, मैरिज हॉल, कम्युनिटी हॉल, पार्किंग और वेंडिंग जोन जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
नगर निगम ने परियोजना के लिए जमीन चिह्नित करने के साथ डिजाइन, मॉडल और डीपीआर तैयार करने का काम शुरू कर दिया है। परियोजना की फंडिंग के लिए इसी महीने 200 करोड़ रुपये का म्युनिसिपल बॉन्ड जारी करने की तैयारी है, जबकि बाकी राशि अर्बन चैलेंज फंड से जुटाने की योजना है।
बोरिंग रोड चौराहे से राजापुर पुल के बीच पार्किंग और वेंडिंग जोन विकसित किया जाएगा। शेखपुरा मोड़ के पास जी+4 होटल और बेऊर मोड़ के पास बड़ा जी+4 वेंडिंग जोन प्रस्तावित है।
पाटलिपुत्र अंचल में 51.61 करोड़, नूतन राजधानी अंचल में 54.76 करोड़, कंकड़बाग में 18.24 करोड़, बांकीपुर में 103.20 करोड़, अजीमाबाद में 23.74 करोड़ और पटना सिटी में 10.28 करोड़ रुपये से अलग-अलग निर्माण प्रस्तावित हैं।
योजना के तहत दुकानदारों और वेंडरों को स्थायी एवं व्यवस्थित स्थान देने का लक्ष्य है। इससे मुख्य सड़कों और बाजारों में अतिक्रमण कम करने तथा पार्किंग की सुविधा बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।







