पटना : अक्टूबर में ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। रेलवे 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष टिकट जांच अभियान चलाने जा रहा है। इस दौरान सिर्फ टिकट की वैधता ही नहीं, बल्कि यात्री की पहचान, रियायत और आरक्षण की पात्रता की भी जांच की जाएगी।
अभियान के दौरान रियायती टिकट, निर्धारित आरक्षण कोटे और रेलवे के विभिन्न पास पर विशेष नजर रहेगी। यात्रियों को यात्रा के दौरान निर्धारित मूल पहचान पत्र और पात्रता से जुड़े जरूरी दस्तावेज साथ रखने होंगे। जांच के समय आवश्यक मूल दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर रेलवे के नियमों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
एक टिकट पर कई यात्री हैं तो रहें सावधान
अगर एक ही टिकट या PNR पर एक से अधिक यात्री यात्रा कर रहे हैं, तो जांच के दौरान कम से कम एक यात्री के पास निर्धारित मूल पहचान पत्र होना जरूरी बताया गया है। जरूरी पहचान दस्तावेज नहीं मिलने पर उस टिकट पर यात्रा कर रहे सभी यात्रियों को वैध टिकट के बिना यात्रा करने वाला माना जा सकता है।
ई-पास और PTO से यात्रा करने वालों की भी होगी जांच
रेलवे के ई-पास या Privilege Ticket Order (PTO) के आधार पर यात्रा करने वाले यात्रियों को भी निर्धारित मूल पहचान पत्र साथ रखना होगा। यात्रा शुरू करने से पहले यह भी सुनिश्चित करना होगा कि ई-पास या PTO को निर्धारित यात्रा प्राधिकार में विधिवत परिवर्तित किया गया है।
अनारक्षित टिकट भी जांच के दायरे में
विशेष अभियान सिर्फ आरक्षित टिकटों तक सीमित नहीं रहेगा। रेलवे अनारक्षित टिकटों की वास्तविकता और प्रामाणिकता की भी जांच करेगा। जरूरत पड़ने पर टिकट जांच कर्मचारी TTE ऐप की मदद से टिकट का तत्काल सत्यापन कर सकते हैं।
रेलवे के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य आरक्षण सुविधाओं के दुरुपयोग, रियायती टिकट और पास के गलत इस्तेमाल, फर्जी या अनधिकृत टिकटों की पहचान और राजस्व के नुकसान को रोकना है।
बिना वैध टिकट पर अब न्यूनतम ₹500 अतिरिक्त शुल्क
बिना वैध टिकट या उचित यात्रा प्राधिकार के यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए भी अहम बदलाव हुआ है। 20 जून 2026 से न्यूनतम अतिरिक्त शुल्क 250 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है। यह बदलाव जन विश्वास (संशोधन) अधिनियम, 2026 के तहत रेलवे अधिनियम की संबंधित धाराओं में किया गया है।
इसलिए अक्टूबर में ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को यात्रा के दौरान वैध टिकट के साथ जरूरी मूल पहचान पत्र और पात्रता से जुड़े दस्तावेज अपने पास रखने की सलाह दी गई है।
