पटना : बिहार में सड़क और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। इसी कड़ी में दीघा-शेरपुर-कोइलवर फोरलेन परियोजना को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य नवंबर 2026 से शुरू हो सकता है और इसे पूरा होने में करीब चार साल का समय लग सकता है।
परियोजना पूरी होने के बाद पटना से कोईलवर की दूरी करीब 35 मिनट में तय करने का लक्ष्य है। वहीं, पटना से बक्सर की करीब 135 किलोमीटर की दूरी लगभग दो घंटे में पूरी हो सकेगी।
18 किमी सड़क होगी एलिवेटेड
दीघा-शेरपुर-कोइलवर परियोजना के तहत दीघा से शेरपुर तक करीब 18 किलोमीटर लंबी फोरलेन एलिवेटेड सड़क बनाई जाएगी। इसके बाद शेरपुर से कोइलवर तक करीब 17.65 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क बांध पर बनाई जाएगी।
इस पूरी परियोजना की लंबाई करीब 35 किलोमीटर होगी। सड़क का निर्माण एलिवेटेड और एट-ग्रेड दोनों हिस्सों में किया जाएगा। परियोजना का निर्माण Hybrid Annuity Model (HAM) के तहत किए जाने की जानकारी है।
करीब ₹5,500 करोड़ खर्च होने का अनुमान
दीघ से कोइलवर तक फोरलेन सड़क के निर्माण पर करीब 5,500 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसमें करीब 60 प्रतिशत राशि एजेंसी और 40 प्रतिशत राशि राज्य सरकार की ओर से खर्च किए जाने की बात कही गई है।
निर्माण पूरा होने के बाद एजेंसी अगले 15 वर्षों तक सड़क के रखरखाव की जिम्मेदारी भी संभालेगी।
परियोजना पूरी होने के बाद पटना और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है। फोरलेन सड़क से ट्रैफिक का दबाव कम करने और यात्रा के समय में कमी लाने में मदद मिल सकती है।
यह सड़क पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से भी जुड़ने की योजना का हिस्सा है। इससे उत्तर प्रदेश और दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए कनेक्टिविटी बेहतर हो सकेगी।
पटना से बिहटा और बक्सर जाना होगा आसान
नई सड़क बनने के बाद पटना से बिहटा की यात्रा करीब एक घंटे में पूरी होने की उम्मीद है। वहीं, पटना से बक्सर की करीब 135 किलोमीटर दूरी लगभग दो घंटे में तय करने का लक्ष्य है। इस परियोजना के पूरा होने से पटना, कोईलवर, बिहटा, बक्सर और आसपास के क्षेत्रों के बीच सड़क संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है।







