Homeराज्यसंपत्ति कर संग्रहण में पटना नगर निगम की बड़ी उपलब्धि, एक दिन...

संपत्ति कर संग्रहण में पटना नगर निगम की बड़ी उपलब्धि, एक दिन में डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की वसूली

डेस्क : पटना में संपत्ति कर भुगतान को लेकर नागरिकों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। नगर आयुक्त यशपाल मीणा के निर्देशन एवं सतत निगरानी में संचालित राजस्व संवर्धन अभियान के तहत मंगलवार को पटना नगर निगम ने एक दिन में 1.55 करोड़ रुपये से अधिक का संपत्ति कर संग्रहित किया। इस दौरान 1,500 से अधिक संपत्तियों से कर प्राप्त हुआ, जबकि 287 नई संपत्तियों का कर निर्धारण भी किया गया।

निगम की इस उपलब्धि में सभी छह अंचलों की सक्रिय भागीदारी रही। संपत्ति कर संग्रहण में बांकीपुर अंचल सर्वाधिक राजस्व प्राप्त कर पहले स्थान पर रहा।

अंचलवार संपत्ति कर संग्रहण

अजीमाबाद अंचल में 233 संपत्तियों से लगभग 17.55 लाख रुपये, बांकीपुर अंचल में 218 संपत्तियों से 45.63 लाख रुपये, कंकड़बाग अंचल में 306 संपत्तियों से 24.08 लाख रुपये, नूतन राजधानी अंचल में 275 संपत्तियों से 38.33 लाख रुपये, पाटलिपुत्र अंचल में 336 संपत्तियों से 19.30 लाख रुपये तथा पटना सिटी अंचल में 132 संपत्तियों से 10.29 लाख रुपये का संपत्ति कर प्राप्त हुआ।

डोर-टू-डोर अभियान से 287 नई संपत्तियां कर के दायरे में

नगर निगम द्वारा राजस्व संग्रहण बढ़ाने के साथ-साथ कर प्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं व्यापक बनाने के लिए भी लगातार कार्य किया जा रहा है। बिजली उपभोक्ताओं को संपत्ति कर के दायरे में लाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे डोर-टू-डोर संपर्क अभियान के तहत मंगलवार को 287 नई संपत्तियों का कर निर्धारण किया गया।

अंचलवार विवरण के अनुसार, अजीमाबाद में 64, बांकीपुर में 33, कंकड़बाग में 65, नूतन राजधानी में 55, पाटलिपुत्र में 51 तथा पटना सिटी में 19 संपत्तियों का कर निर्धारण किया गया।

संपत्तियों के सत्यापन और पुनर्निर्धारण पर जोर

कर संग्रहण के साथ संपत्तियों के वास्तविक विवरण और निर्धारित कर की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए निगम की टीमें स्थल निरीक्षण और पुनर्निर्धारण का कार्य भी कर रही हैं। मंगलवार को 54 संपत्तियों के कर का पुनर्निर्धारण किया गया।

वहीं, 19 संपत्तियों के स्थल निरीक्षण के दौरान संपत्ति के वास्तविक विवरण और पूर्व निर्धारित कर में विसंगतियां पाई गईं। इन मामलों में नियमानुसार पेनाल्टी लगाते हुए दोबारा कर निर्धारण की कार्रवाई की गई।

30 सितंबर को देर रात तक खुले रहेंगे सभी टैक्स काउंटर

30 सितंबर बिना पेनाल्टी संपत्ति कर जमा करने की अंतिम तिथि है। करदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर आयुक्त ने निगम के सभी टैक्स काउंटर बुधवार को देर रात तक खुले रखने के निर्देश दिए हैं।

निर्धारित समय के बाद भी काउंटर पर पहुंचने वाले करदाताओं का भुगतान पूरा होने तक काउंटर खुले रखे जाएंगे, ताकि किसी नागरिक को कर जमा करने में असुविधा न हो।

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे अंतिम दिन की प्रतीक्षा किए बिना समय पर अपना बकाया संपत्ति कर जमा करें और पेनाल्टी से बचें।

पटना नगर निगम के अनुसार, यह अभियान राजस्व संग्रहण बढ़ाने के साथ-साथ शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए संसाधन जुटाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments