पटना : अनंत-नीरज विवाद को लेकर मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा का बड़ा बयान सामने आया है। लगातार सवालों के बीच मंत्री ने कहा कि पार्टी में किसी तरह की कोई दिक्कत या गड़बड़ी नहीं है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले को देखा जा रहा है और सब कुछ जल्द ठीक हो जाएगा।
मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा से जब पार्टी में दो गुट होने और अनंत सिंह-नीरज कुमार के बीच जारी विवाद को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, “कोई दिक्कत नहीं है, कोई गड़बड़ी नहीं है। घबराइए नहीं, सब ठीक हो जाएगा।”
उन्होंने आगे कहा कि पार्टी के उम्मीदवार की जीत होगी। साथ ही मंत्री ने कहा कि सिर्फ एक विधायक ही उनके लोगों के विरोध में है। हालांकि, अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रहे विवाद को लेकर पूछे गए लगातार सवालों पर मंत्री मामले को ज्यादा विस्तार से बताने से बचते नजर आए और बार-बार यही कहते रहे कि सब कुछ देखा जा रहा है।
वहीं, तेजस्वी यादव और विपक्षी दलों की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ सड़क पर उतरकर आलोक भवन मार्च किए जाने के सवाल पर भी मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष को मार्च करना है तो करने दीजिए, उन्हें कौन रोकता है। उन्होंने कहा कि मार्च करने से क्या फर्क पड़ेगा।
अनंत-नीरज विवाद के बीच मंत्री के इस बयान से साफ है कि पार्टी की ओर से फिलहाल अंदरूनी विवाद को लेकर स्थिति सामान्य होने का संदेश दिया जा रहा है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में इस विवाद को लेकर पार्टी के भीतर क्या तस्वीर सामने आती है।







