रोहतास/सासाराम : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को रोहतास जिले के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने जिले में नई सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने और शाहाबाद क्षेत्र में नया एयरपोर्ट बनाने की बात कही। सरकार की इन योजनाओं से क्षेत्र में शहरी विकास, पर्यटन, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रोहतास में विकसित होने वाली नई सैटेलाइट टाउनशिप को ‘रोहतास टाउनशिप’ के नाम से विकसित किया जाएगा। वहीं, शाहाबाद क्षेत्र में एयरपोर्ट की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में सरकार काम करेगी।
पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा
सम्राट चौधरी ने रोहतास के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास पर भी जोर दिया। मांझरकुंड से गुप्ताधाम तक सड़क, पानी, पार्किंग और अन्य सुविधाओं का विस्तार करने की योजना है। सरकार का लक्ष्य आने वाले वर्षों में पर्यटकों की संख्या को मौजूदा स्तर से कई गुना बढ़ाना है।
सासाराम और औरंगाबाद तक पहुंचेगा सोन का पानी
मुख्यमंत्री ने सोन नदी के पानी को सासाराम और औरंगाबाद तक पहुंचाने की योजना का भी जिक्र किया। इसके अलावा रोजगार, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और उद्योगों को बढ़ावा देने की दिशा में भी सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई।
412.9 करोड़ की योजनाओं की सौगात
रोहतास दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 412.9 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 125 परियोजनाओं का उद्घाटन और 52 योजनाओं का शिलान्यास शामिल बताया गया है।
रोहतास में सैटेलाइट टाउनशिप का विकास बिहार सरकार की व्यापक ग्रीनफील्ड टाउनशिप योजना का हिस्सा है। राज्य सरकार पहले ही रोहतास के डेहरी क्षेत्र को 12 प्रस्तावित ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप में शामिल कर चुकी है।
