Home राज्य भाजपा की कोयल मल्लिक निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित, विधानसभा सचिव ने सौंपा...

भाजपा की कोयल मल्लिक निर्विरोध राज्यसभा सांसद निर्वाचित, विधानसभा सचिव ने सौंपा प्रमाणपत्र

0

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थामने वाली टॉलीवुड अभिनेत्री कोयल मल्लिक अब निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुन ली गई हैं। शुक्रवार को राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन वापसी का अंतिम दिन था, लेकिन इस सीट पर मुकाबला करने के लिए किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया। इसके चलते कोयल मल्लिक को निर्विरोध विजेता घोषित कर दिया गया और विधानसभा सचिव ने उन्हें जीत का प्रमाण पत्र सौंप दिया।

कोयल मल्लिक पहले तृणमूल कांग्रेस के कोटे से राज्यसभा सांसद थीं, लेकिन उन्होंने लोकसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार के बाद जुलाई महीने में, यानी कार्यकाल के महज तीन महीने के भीतर ही पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय मंत्री और भाजपा के पश्चिम बंगाल प्रभारी सुनील बंसल से मुलाकात की थी। गत चार अक्टूबर को भाजपा ने उन्हें राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया। इसके अगले ही दिन उन्होंने पार्टी कार्यालय जाकर आधिकारिक रूप से भाजपा की सदस्यता ग्रहण की और अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था।

नामांकन दाखिल करते समय कोयल ने कहा था कि वह जनता के लिए काम करना चाहती हैं और अब भाजपा के माध्यम से उन्हें वह अवसर मिलने जा रहा है। हालांकि इस जीत पर अभिनेत्री की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन नंदीग्राम और रेजिनगर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की शानदार जीत के साथ-साथ राज्यसभा में भी पार्टी की इस जीत से पूरे गेरुआ खेमे में जश्न का माहौल है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
राज्य

बिहार के 6 जिलों में पशुपालन और डेयरी योजनाओं की होगी जांच, 15 अक्टूबर को केंद्र को सौंपी जाएगी रिपोर्ट

Exit mobile version