Homeराज्यदेवराहा बाबा की कर्मभूमि नोआवाँ में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, श्रीराम कथा...

देवराहा बाबा की कर्मभूमि नोआवाँ में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, श्रीराम कथा में पहुंचे सायण कुणाल

जहानाबाद : नोआवाँ में आयोजित नवदिवसीय श्रीराम कथा के पंचम दिवस पर भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। सिद्ध संत देवराहा बाबा की बाल्यकालीन एवं कर्मभूमि माने जाने वाले नोआवाँ में कथा सुनने के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही कथा पंडाल में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। जहानाबाद, अरवल, गया और पटना समेत विभिन्न क्षेत्रों से आईं माताएं-बहनें, बुजुर्ग और युवाओं ने कथा का श्रवण किया। पूरे पंडाल में ‘जय श्री राम’ और ‘जय देवराहा बाबा’ के जयघोष से माहौल भक्तिमय हो गया।

श्री श्री दुर्गा पूजा समिति, नोआवाँ के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बिहार धार्मिक न्यास परिषद के सचिव और महावीर मंदिर न्यास, पटना के सचिव सायण कुणाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समिति की ओर से उन्हें अंगवस्त्र, माला और श्रीरामचरितमानस भेंट कर सम्मानित किया गया।

सायण कुणाल बोले- नोआवाँ की धरती सिद्धभूमि और तपोभूमि

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सायण कुणाल ने कहा कि देवराहा बाबा की पावन कर्मभूमि नोआवाँ पहुंचकर वह स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह कोई साधारण गांव नहीं, बल्कि सिद्धभूमि और तपोभूमि है। देवराहा बाबा ने हिमालय, वृंदावन और मथुरा में समय बिताया, लेकिन उनके बचपन और प्रारंभिक साधना से इस धरती का विशेष संबंध रहा है।

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, अटल बिहारी वाजपेयी और डॉ. राजेंद्र प्रसाद जैसी प्रतिष्ठित हस्तियां भी देवराहा बाबा के दर्शन के लिए पहुंचती थीं। ऐसे संत से जुड़ी इस पावन धरती को नमन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

सायण कुणाल ने अपने दिवंगत पिता आचार्य किशोर कुणाल को याद करते हुए कहा कि उनका सपना था कि मंदिरों में आने वाला चढ़ावा केवल लॉकर तक सीमित न रहे, बल्कि गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा में भी खर्च हो। उन्होंने बताया कि महावीर मंदिर न्यास के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में कई संस्थाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें महावीर कैंसर संस्थान, महावीर आरोग्य संस्थान, महावीर वात्सल्य अस्पताल, महावीर नेत्रालय और महावीर हृदय अस्पताल सहित अन्य संस्थाएं शामिल हैं। इन संस्थाओं के माध्यम से जरूरतमंदों को इलाज और भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने श्रद्धालुओं से इन सेवा कार्यों से जुड़ने और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने की अपील भी की।

अनुराधा सरस्वती बोलीं- नोआवाँ में कथा नहीं, राम बरस रहे हैं

श्रीराम कथा की मुख्य वाचिका पूज्य अनुराधा सरस्वती ने श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले चार दिनों से वह देख रही हैं कि नोआवाँ में केवल कथा नहीं हो रही, बल्कि ऐसा लग रहा है मानो यहां राम की भक्ति बरस रही हो।

उन्होंने कहा कि महिलाएं सुबह से ही कथा सुनने के लिए पहुंच जाती हैं, बुजुर्ग कठिनाइयों के बावजूद पंडाल तक आते हैं और युवा भी अपने काम छोड़कर कथा श्रवण कर रहे हैं। उनके अनुसार, इस तरह की श्रद्धा और प्रेम बहुत कम स्थानों पर देखने को मिलता है।

अनुराधा सरस्वती ने कहा कि देवराहा बाबा की इस धरती का आध्यात्मिक महत्व है। उन्होंने आचार्य किशोर कुणाल के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा प्रज्वलित सेवा का दीपक सायण कुणाल आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से भी सेवा और समर्पण की भावना अपनाने की अपील की।

भागवत शर्मा ने जताया आभार

कार्यक्रम के अंत में सवर्ण सेना के राष्ट्रीय संयोजक एवं दुर्गा पूजा समिति के सदस्य भागवत शर्मा ने मुख्य अतिथि सायण कुणाल सहित सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं और आयोजन से जुड़े लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके आमंत्रण पर सायण कुणाल का नोआवाँ पहुंचना पूरे गांव के लिए खुशी और सम्मान की बात है।

इस अवसर पर समिति के सदस्य नीरज कुमार, सूरज कुमार, शिवशंकर मिश्रा, रविंद्र शर्मा, गणेश कुमार, प्रशांत वत्स, विकास कुमार और राहुल कुमार समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। पंचायत समिति सदस्य पंकज कुमार, पैक्स अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, मुखिया प्रतिनिधि रामलगन ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

श्रीराम कथा के पंचम दिवस पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और जय श्री राम के जयघोष ने नोआवाँ को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। नवदिवसीय श्रीराम कथा के आयोजन से पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और आध्यात्मिक माहौल बना हुआ है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments