पटना : दीपावली और छठ महापर्व को लेकर नगर निगम ने स्वच्छता की विशेष तैयारी शुरू कर दी है। त्योहारों के दौरान शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने के लिए 25 अक्टूबर से 10 नवंबर 2026 तक ‘स्वच्छता संकल्प’ अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान पटना नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में संचालित होगा। इसके तहत कचरा उठाव, सड़क और नालों की सफाई से लेकर सार्वजनिक स्थलों की धुलाई तक पर विशेष जोर दिया जाएगा।
सभी वार्डों में होगी विशेष सफाई
दीपावली और छठ के दौरान घरों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई के कारण कचरे की मात्रा बढ़ जाती है। इसे देखते हुए नगर निगम ने कचरे का समय पर उठाव और उचित निष्पादन सुनिश्चित करने का फैसला लिया है।
अभियान के तहत निजी खाली भूखंडों, ट्रांसफॉर्मर के आसपास, सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थलों पर जमा कचरे को हटाया जाएगा। साथ ही, सफाई के बाद दोबारा कचरा जमा होने से रोकने के लिए भी कदम उठाए जाएंगे।
खुले में कचरा फेंकने पर लगेगा जुर्माना
पटना नगर निगम खुले में कचरा फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेगा। इसके लिए स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले घरों, दुकानों एवं प्रतिष्ठानों की पहचान की जाएगी।
नियमों के अनुसार, खुले में कचरा फेंकने वालों पर जुर्माना लगाया जा सकता है। बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सील करने सहित अन्य आवश्यक कार्रवाई भी की जा सकती है।
कचरा उठाने वाले वाहनों को रोजाना लगाने होंगे तीन ट्रिप
विशेष अभियान के दौरान कचरे के उठाव और परिवहन पर भी निगरानी रखी जाएगी। नगर निगम ने सभी कचरा परिवहन वाहनों के लिए प्रतिदिन तीन ट्रिप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, ताकि वार्डों से कचरे का समय पर उठाव हो सके।
निर्धारित ट्रिप पूरे नहीं करने वाले वाहनों की निगरानी की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित प्रावधानों के अनुसार भुगतान में कटौती की जाएगी।
इसके अलावा, शहर के चिह्नित येलो स्पॉट और रेड स्पॉट की विशेष सफाई कराई जाएगी। सभी ओवरब्रिज के ऊपर और नीचे भी प्रतिदिन धुलाई सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा।
खुले मैनहोल और नालों की मरम्मत पर भी जोर
अभियान के दौरान शहर की स्वच्छता व्यवस्था के साथ-साथ खुले एवं क्षतिग्रस्त मैनहोल और खुले नालों की मरम्मत पर भी ध्यान दिया जाएगा, ताकि त्योहारों के दौरान लोगों को परेशानी न हो।
नगर निगम ने शहरवासियों, दुकानदारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अभियान में सहयोग करने की अपील की है। नागरिकों से कहा गया है कि वे कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, सड़क किनारे निर्माण सामग्री जमा न करें और प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल से बचें।
नगर निगम का उद्देश्य दीपावली और छठ महापर्व के दौरान पटना को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना है। अब देखना होगा कि 25 अक्टूबर से शुरू होने वाला यह अभियान शहर की सफाई व्यवस्था में कितना सुधार ला पाता है।
