पटना : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पिता को लेकर खरगे की टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कांग्रेस पार्टी, मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी से तत्काल माफी मांगने की मांग की है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से देश के प्रधानमंत्री के पिता के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान से कांग्रेस और राहुल गांधी की प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति दुर्भावना उजागर होती है। कांग्रेस प्रधानमंत्री के परिवार को निशाना बनाकर राजनीति करने का प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति इस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के पिता के खिलाफ अपशब्दों के प्रयोग के लिए कांग्रेस पार्टी, उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को तत्काल माफी मांगनी चाहिए।
सम्राट चौधरी ने इस तरह की बयानबाजी को गंभीर विषय बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति दुर्भावना रखकर राजनीति करना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने इसे अपराध करार देते हुए कांग्रेस से पूरे मामले पर स्पष्टीकरण देने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
उल्लेखनीय है कि पटना में कांग्रेस की ओर से आयोजित बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सभा को संबोधित किया था। उनके इसी संबोधन में की गई टिप्पणी को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
