18 लोगों ने तैरकर बचाई जान, लापता लोगों में 15 वर्षीय किशोरी भी शामिल; अंधेरा होने से तलाशी अभियान में आई परेशानी
बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले के चमथा दियारा में बुधवार की शाम बड़ा नाव हादसा हो गया। बछवाड़ा थाना क्षेत्र के चमथा रजौली बिचली दियारा स्थित गंगा की ढाब में करीब 20 लोगों से भरी डेंगी नाव अचानक पलट गई। हादसे के बाद नाव पर सवार लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान 18 लोगों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि दो लोग लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश शुरू कराई गई।
लापता लोगों की पहचान 50 वर्षीय सोगा रथ महतो और हरदेव महतो की 15 वर्षीय पुत्री रीना कुमारी के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में बेहोश हुए दो किशोरों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। अंधेरा होने के कारण देर शाम तलाशी अभियान में परेशानी का सामना करना पड़ा।
परवल की रोपनी कर लौट रहे थे किसान और मजदूर
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, चमथा दियारा क्षेत्र में परवल की खेती के लिए प्रतिदिन नाव के जरिए किसानों और मजदूरों को नदी पार कराया जाता है। बुधवार को भी किसान और मजदूर परवल की रोपनी करने के बाद नाव से चमथा लौट रहे थे। इसी दौरान रजौली बिचली दियारा के पास गंगा की ढाब में नाव पलट गई।
नाव के पलटते ही सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि, 18 लोग तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन दो लोग नदी में लापता हो गए। हादसे की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल और घाट पर जुटने लगे।
मौके पर पहुंचे प्रशासन और पुलिस के अधिकारी
घटना की सूचना मिलने पर अंचलाधिकारी प्रीतम कुमार गौतम, बछवाड़ा थानाध्यक्ष विवेक राय सहित प्रशासन और पुलिस के अधिकारी रजौली घाट पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में गोताखोरों की टीम लापता लोगों की तलाश में जुटी रही। स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी घटनास्थल पर मौजूद रहे।
अंचलाधिकारी प्रीतम कुमार गौतम ने बताया कि नाव हादसे में दो लोगों के लापता होने की सूचना मिली है। उनकी तलाश के लिए गोताखोरों की टीम लगाई गई है।
चमथा-एक पंचायत के मुखिया संजय दास सहित स्थानीय ग्रामीण धीरेंद्र कुमार सिंह उर्फ छोटे सिंह और मुकेश कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे।
दियारा क्षेत्र में चिंता का माहौल
नाव हादसे के बाद चमथा दियारा क्षेत्र में चिंता का माहौल है। खेती-किसानी के लिए नदी पार करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल लापता दोनों लोगों की तलाश प्रशासन के लिए प्राथमिकता बनी हुई है। घटना के बाद ग्रामीण उनके सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
