Home राज्य छठ महापर्व 2026: पटना के बांकीपुर अंचल के सभी 18 गंगा घाटों...

छठ महापर्व 2026: पटना के बांकीपुर अंचल के सभी 18 गंगा घाटों का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

0

पटना : छठ महापर्व को लेकर पटना नगर निगम ने गंगा घाटों की सफाई, मरम्मत और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने पदाधिकारियों और अभियंताओं की टीम के साथ लगातार दूसरे दिन गंगा घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की मौजूदा स्थिति का जायजा लेते हुए सफाई कार्य में तेजी लाने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

बांकीपुर अंचल के सभी 18 घाटों का लिया जायजा

नगर आयुक्त ने टीएन बनर्जी घाट, वंशीघाट, दरभंगा हाउस घाट, लॉ कॉलेज घाट, रौशन घाट और चौधरी टोला घाट सहित बांकीपुर अंचल के सभी 18 घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सफाई, मरम्मत और अन्य जरूरी कार्यों में तेजी लाने को कहा।

उन्होंने निर्देश दिया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पर्व के दौरान स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक घाट उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं।

बाढ़ से जमा गाद बनी चुनौती, मरम्मत में तेजी लाने का निर्देश

इस वर्ष मानसून के दौरान आई बाढ़ के कारण गंगा घाटों पर पिछले वर्षों की तुलना में अधिक मात्रा में गाद जमा हुई है। बारिश के कारण सफाई कार्य भी प्रभावित हुआ है। कई घाटों की सीढ़ियां और पोर्टिको के कुछ हिस्से अब भी जलमग्न हैं। वहीं, कई स्थानों पर सीढ़ियों पर गाद जमा होने से सफाई और श्रद्धालुओं की आवाजाही में परेशानी हो रही है।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों और अभियंताओं को घाटों की डीप क्लीनिंग में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने जीर्ण-शीर्ण सीढ़ियों, पोर्टिको और अन्य क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही, तैयारियों की नियमित निगरानी करने और सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने को कहा।

गंगा का जलस्तर घटने पर रास्तों की व्यवस्था की होगी समीक्षा

छठ महापर्व नवंबर के मध्य में मनाया जाएगा। इस दौरान गंगा का जलस्तर नीचे जाने की संभावना को देखते हुए नगर आयुक्त ने घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की स्थिति का पहले से आकलन करने का निर्देश दिया। जलस्तर घटने पर श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने के लिए अधिक दूरी तय करनी पड़ सकती है। ऐसे में रास्तों की स्थिति और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जरूरी व्यवस्थाएं पहले से करने पर जोर दिया गया।

निरीक्षण में कई अधिकारी रहे मौजूद

घाटों के निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त, मुख्य नगर अभियंता, बांकीपुर अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी, बांकीपुर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, विद्युत अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

नगर निगम की ओर से घाटों की सफाई, क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े कार्यों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि छठ महापर्व के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक माहौल मिल सके।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
राज्य

बिहार के विकास को अंतरिक्ष तकनीक से मिलेगी नई गति, सीएम सम्राट चौधरी ने दिया नवाचार पर जोर

Exit mobile version