Home राज्य कटिहार में पत्रकार का अपहरण कर मांगी 10 लाख रूपये फिरौती, पुलिस...

कटिहार में पत्रकार का अपहरण कर मांगी 10 लाख रूपये फिरौती, पुलिस ने 6 घंटे में सकुशल छुड़ाया, 3 गिरफ्तार

0

कटिहार : खाद  की कालाबाजारी से जुड़ी खबर को लेकर एक पत्रकार का अपहरण कर 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले का कटिहार पुलिस ने महज छह घंटे में सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस की विशेष जांच टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत को सकुशल बरामद करने के साथ ही घटना में शामिल तीनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही वारदात में प्रयुक्त काले रंग की किआ कार और एक मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है।

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि आजमनगर थाना क्षेत्र के इमाम नगर निवासी वादी गुलाम मुर्तजा ने रोशना थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 29 अक्टूबर को वे अपने पत्रकार साथी मो. कलीम के साथ समाचार संकलन के लिए प्राणपुर जा रहे थे। इसी दौरान खाद की कालाबाजारी से संबंधित समाचार प्रकाशित करने को लेकर मो० आशिक द्वारा उन्हें फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई। इसके कुछ ही देर बाद लाभा जीरो माइल के आगे काले रंग की किआ कार से पीछा कर हथियार के बल पर उनका जबरन अपहरण कर लिया गया।

अपहरणकर्ता पीड़ित को मारपीट करते हुए मनिहारी के रास्ते अमदाबाद ले गए, जहां उनकी रिहाई के बदले परिजनों से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। राशि नहीं मिलने पर उन्हें दियारा इलाके में ले जाकर हत्या करने की साजिश रची जा रही थी। इस संबंध में रोशना थाना कांड संख्या 205/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-1) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। टीम ने वैज्ञानिक व तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर जाल बिछाते हुए छह घंटे के भीतर अपहृत को सकुशल मुक्त करा लिया। मौके से पुलिस ने मनिहारी थाना क्षेत्र के सोझाडाँगी निवासी मो. आशिक (37 वर्ष), मो. साबिर आलम (21 वर्ष) तथा बोरनी निवासी मनीष कुमार गोस्वामी (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन व मोबाइल बरामद कर आरोपियों के खिलाफ अग्रतर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
देश

अदालती कार्यवाही के वीडियो का अनधिकृत इस्तेमाल पर सुप्रीम कोर्ट सख्त

Exit mobile version