Homeराज्यछठ पर पटना के गंगा घाट होंगे दूधिया रोशनी से रोशन, 47...

छठ पर पटना के गंगा घाट होंगे दूधिया रोशनी से रोशन, 47 हजार अस्थायी लाइटें लगाने की तैयारी

पटना : दीपावली और छठ महापर्व को लेकर पटना नगर निगम ने शहर में रोशनी की व्यापक व्यवस्था करने की तैयारी तेज कर दी है। इस बार छठ के दौरान पटना के गंगा घाट दूधिया रोशनी से जगमगाते नजर आएंगे। इसके लिए घाटों के साथ-साथ वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर करीब 47 हजार अस्थायी लाइटें लगाई जाएंगी। वहीं, शहर के सभी वार्डों में भी अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगाने का अभियान शुरू कर दिया गया है।

पटना नगर निगम की ओर से शहर की सड़कों, गली-मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों पर रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का काम अंतिम चरण में है। इसके साथ ही सभी वार्डों में अतिरिक्त लाइटें लगाने का काम भी शुरू हो चुका है। रविवार को पहली खेप में सभी वार्डों के लिए कुल 1800 अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटें उपलब्ध कराई गईं।

नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने विद्युत प्रमंडल और सभी अंचलों को निर्देश दिया है कि अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगाने का काम प्राथमिकता के आधार पर तय समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों और सफाई निरीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

गंगा घाटों और रास्तों पर लगेंगी 47 हजार अस्थायी लाइटें

छठ महापर्व के दौरान गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए विशेष प्रकाश व्यवस्था की जा रही है। वर्तमान में पटना नगर निगम क्षेत्र के गंगा घाटों और पहुंच पथों पर 50 हाईमास्ट लाइट तथा लगभग 2200 स्ट्रीट लाइटें पहले से लगी हुई हैं। इनके अतिरिक्त छठ के अवसर पर करीब 47 हजार अस्थायी लाइटें लगाई जाएंगी।

इसमें लगभग 30 हजार फ्लड लाइट और मेटल लाइट के साथ 17 हजार ट्यूबलाइट शामिल हैं। इन लाइटों के लगने से गंगा घाटों, पहुंच पथों और आसपास के इलाकों में पर्याप्त रोशनी उपलब्ध होगी। इससे छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी।

तालाबों और पार्कों में भी होगी विशेष रोशनी

नगर निगम की तैयारी सिर्फ गंगा घाटों तक सीमित नहीं है। शहर के विभिन्न तालाबों और पार्कों में भी विशेष लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। दीपावली और छठ महापर्व के दौरान प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को रोशनी से सजाने के लिए निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

नगर निगम का लक्ष्य है कि पर्व के दौरान पटना के सभी प्रमुख इलाकों में पर्याप्त रोशनी रहे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments