पलामू, 08 अगस्त : पलामू जिले के हरिहरगंज के झंडा चौक निवासी पप्पू गुप्ता एवं पूनम देवी के बड़े पुत्र सोनू कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल सहायक कमांडेंट परीक्षा-2025 में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रौशन किया है। परीक्षा के अंतिम परिणाम में सोनू कुमार ने अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) श्रेणी में 83वीं रैंक प्राप्त की है।
उनकी सफलता की खबर मिलते ही परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। सोनू की उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, प्रबुद्धजनों और शुभचिंतकों ने उनके घर पहुंचकर उन्हें बधाई दी। लोगों ने गुलदस्ता भेंट कर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। स्थानीय लोगों ने कहा कि सोनू की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
सोनू ने बताया कि उन्होंने दिल्ली में रहकर परीक्षा की तैयारी की और दूसरे प्रयास में सफलता हासिल की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों एवं शुभचिंतकों के मार्गदर्शन और सहयोग को दिया।
उन्होंने बताया कि कैफ सहायक कमांडेंट परीक्षा-2025 की लिखित परीक्षा 3 अगस्त 2025 को आयोजित की गई थी। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों का व्यक्तित्व परीक्षण 4 मई से 29 मई तक करायी गयी। लिखित परीक्षा और व्यक्तित्व परीक्षण में प्रदर्शन के आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार की गई। आयोग ने कुल 350 अभ्यर्थियों को सहायक कमांडेंट (ग्रुप-ए) पद पर नियुक्ति के लिए अनुशंसित की है।
चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) एवं सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में की जाएगी।
सोनू के पिता ने कहा कि उनके पुत्र ने दिल्ली में रहकर पूरी लगन और अनुशासन के साथ परीक्षा की तैयारी की। उसकी सफलता से पूरा परिवार गौरवान्वित है। सोनू की उपलब्धि से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरणा मिलेगी।
सोनू को बधाई देने वालों में सांसद प्रतिनिधि राजीव रंजन, बीएओ ब्रजेश कुमार, दादा अवध प्रसाद गुप्ता, सपा नेता कमलेश कुमार यादव, भोला गुप्ता, गंगा जायसवाल, ओमप्रकाश अकेला, विश्वनाथ विश्वकर्मा, इंद्रदेव राम, पंकज गुप्ता, पवन गुप्ता, राजू गुप्ता एवं समाजसेवी छोटेलाल गुप्ता सहित कई लोग शामिल हैं।
