Home देश शिबू सोरेन की पुण्यतिथि समारोह की झामुमो ने की समीक्षा, निर्मल महतो...

शिबू सोरेन की पुण्यतिथि समारोह की झामुमो ने की समीक्षा, निर्मल महतो को दी श्रद्धांजलि

0

पश्चिमी सिंहभूम, 08 अगस्त : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पश्चिमी सिंहभूम जिला समिति की बैठक शनिवार को चाईबासा के दुम्बीसाई स्थित अर्जुना हॉल में जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम की अध्यक्षता में हुई। बैठक में चार अगस्त को चाईबासा में आयोजित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि एवं उनकी आदमकद प्रतिमा के अनावरण समारोह की समीक्षा की गई।

इस दौरान कार्यक्रम की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों, प्रशासन और आम लोगों के प्रति आभार जताया गया।

बैठक में झामुमो के केंद्रीय सदस्य, जिला समिति के पदाधिकारी तथा विभिन्न प्रखंड और नगर इकाइयों के अध्यक्ष एवं सचिव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

नेताओं ने कहा कि शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि और प्रतिमा अनावरण समारोह ऐतिहासिक रहा। जिले के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने दिशोम गुरु के प्रति लोगों के सम्मान को प्रदर्शित किया। मानकी-मुंडा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों की भागीदारी को भी कार्यक्रम की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।

बैठक के दौरान झारखंड आंदोलन के अमर सेनानी वीर शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा। वक्ताओं ने कहा कि निर्मल महतो ने झारखंड की पहचान, स्वाभिमान और अधिकारों की लड़ाई में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके संघर्ष और विचार आज भी झारखंड के लोगों को जनहित, न्याय और समानता के लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

झामुमो जिला समिति की बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने को लेकर भी रणनीति तैयार की गई। कार्यकर्ताओं से क्षेत्र में जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और संगठन की गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया गया। आगामी राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता झामुमो की विचारधारा और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्ष एवं विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से काम करें। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने तथा जनता के हितों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया।

बैठक में जिला सचिव राहुल आदित्य, केंद्रीय सदस्य भुवनेश्वर महतो, मोनिका बोयपाई, निसार हुसैन, जिला उपाध्यक्ष प्रेम मुण्डरी, अशोक दास, संगठन सचिव चन्द्रमोहन बिरुवा, जिला संयुक्त सचिव बन्धना उरांव, हरिलाल करजी, विश्वनाथ बाड़ा, बिरसा कान्डे तियु, जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी, प्रेम गुप्ता, कश्मीर कान्डेयांग, रमेश बिरुवा, जीतू बारी, कैसर परवेज, सनातन पिंगुवा, लखन हेम्बरोम, ताराकान्त सिजुई, दुर्गा चरण देवगम, आनन्द करोवा, शशिभूषण पिंगुवा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
देश

मुख्यमंत्री योगी के हाथों सोमवार को मिलेगी रोड कनेक्टिविटी की एक और सौगात

Exit mobile version