Home देश 13 महिलाओं को तीलू रौतेली और 35 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को मिला राज्य...

13 महिलाओं को तीलू रौतेली और 35 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को मिला राज्य स्तरीय सम्मान,बढ़ेगी पुरस्कार राशि

0

देहरादून, 08 अगस्त : वीरांगना तीलू रौतेली के जन्मदिवस पर शनिवार को मुख्यमंत्री सेवक सदन,गढ़ी कैंट में राज्य स्त्री शक्ति तीलू रौतेली पुरस्कार (2025-26) एवं राज्य स्तरीय आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रदेश की 13 महिलाओं और 35 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने पुरस्कार विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए। सभी विजेताओं के बैंक खातों में 51-51 हजार रुपये की सम्मान राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई।

समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों पुरस्कारों की सम्मान राशि बढ़ाने की घोषणा की। अब तीलू रौतेली पुरस्कार की राशि 51 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये और उत्कृष्ट आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री पुरस्कार की राशि 51 हजार से बढ़ाकर 61 हजार रुपये की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मानित महिलाएं उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश की नारी शक्ति के लिए प्रेरणास्रोत हैं। सरकार महिलाओं को सशक्त, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की प्रतिभा और योगदान को सम्मान देने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि तीलू रौतेली पुरस्कार विषम परिस्थितियों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं के योगदान को सम्मान देने का माध्यम है। शिक्षा, खेल, कला-क्राफ्ट, समाज सेवा और कृषि समेत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं ने प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वे कुपोषण उन्मूलन, पोषण ट्रैकर के संचालन तथा स्वास्थ्य एवं पोषण योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में अहम योगदान दे रही हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काऊ और विभागीय सचिव चंद्रेश कुमार समेत अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
खेल

बाराबती स्टेडियम में 18 सितंबर से सजेगा ओडिशा टी20 लीग का रंग, रोमांचक क्रिकेट के लिए तैयार कटक

Exit mobile version