Home क्राइम न्यूज़ सागर : 1.27 करोड़ की ठगी का भंडाफोड़, हरियाणा से आरोपी गिरफ्तार

सागर : 1.27 करोड़ की ठगी का भंडाफोड़, हरियाणा से आरोपी गिरफ्तार

0

सागर, 08 अगस्त : मध्य प्रदेश के सागर जिले की मोतीनगर थाना पुलिस ने शनिवार को ऑनलाइन ठगी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 1 करोड़ 27 लाख 44 हजार 420 रुपये की धोखाधड़ी करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान पंजाब के मोहाली निवासी हरविंदर सिंह के रूप में हुई है, जिसे पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से हरियाणा से धर दबोचा।

पुलिस के बताए अनुसार, जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पीड़ित को शेयर बाजार और गोल्ड (सोना) में निवेश कर कम समय में भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया था। आरोपी के झांसे में आकर पीड़ित ने एक के बाद एक कुल 52 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 1.27 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर कर दी। ठगों के बुने जाल में फंसकर पीड़ित ने 90 लाख रुपये का बैंक लोन तक ले लिया था। जब पैसे डूबने और रिटर्न न मिलने का अहसास हुआ, तब पीड़ित ने मोतीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने साइबर सेल की मदद ली। संदिग्ध बैंक खातों की जांच और मोबाइल नंबरों की लोकेशन ट्रेस करने पर आरोपी की मौजूदगी हरियाणा में पाई गई। मोतीनगर पुलिस की एक विशेष टीम ने तत्काल हरियाणा में दबिश देकर आरोपी हरविंदर सिंह को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 20 लाख रुपये की नकद राशि बरामद की गई है।

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि इस अंतरराज्यीय ठगी गिरोह में कुछ अन्य लोग भी शामिल हैं। पुलिस अब आरोपी का रिमांड लेकर शेष रकम की बरामदगी के प्रयास कर रही है और गिरोह के बाकी नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
Uncategorized

मऊ में 5 मेगावाट सोलर पार्क का शिलान्यास ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने किया

Exit mobile version