Home देश सुरत में 34.13 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

सुरत में 34.13 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

0

सूरत, 08 अगस्त : केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटील ने शनिवार को सूरत में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान 29.75 करोड़ रुपये के पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण तथा 4.38 करोड़ रुपये के नए कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

सूरत महानगरपालिका और नगर प्राथमिक शिक्षा समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शहर के विभिन्न जोन में बुनियादी सुविधाओं और शिक्षा से जुड़े कार्यों को जनता को समर्पित किया गया। उधना जोन में सबसे अधिक 13.21 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा रांदेर, सचिन-कनकपुर, सेंट्रल, कतारगाम और लिंबायत जोन में भी विभिन्न कार्यों का लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम में मनपा संचालित 10 प्राथमिक विद्यालयों के नए भवनों के निर्माण एवं शिलान्यास भी शामिल रहे।

इस अवसर पर सी.आर. पाटील ने कहा कि कुछ वर्ष पहले अभिभावक मनपा स्कूलों में बच्चों को भेजने से हिचकते थे, लेकिन शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के बाद सरकारी स्कूलों के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है। अब कई अभिभावक निजी स्कूलों के बजाय मनपा स्कूलों को प्राथमिकता दे रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मनपा स्कूलों में 2.10 लाख से अधिक विद्यार्थी और 5 हजार से अधिक शिक्षक हैं। विद्यार्थियों को मध्याह्न भोजन, पौष्टिक आहार, कपड़े, जूते-मोजे सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

पाटील ने अभिभावकों से बच्चों को मोबाइल फोन की लत से दूर रखने और उन्हें खेल के मैदान में भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ संस्कार और खेलकूद भी जरूरी हैं। अभिभावकों को नियमित रूप से स्कूल जाकर शिक्षकों से बच्चों की पढ़ाई, व्यवहार और प्रतिभा के संबंध में चर्चा करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि खेल के क्षेत्र में भी बच्चों के लिए करियर की व्यापक संभावनाएं हैं। ‘खेल महाकुंभ’ जैसे अभियानों से युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के अवसर मिल रहे हैं।

कार्यक्रम में महापौर मायाबेन मावाणी, डिप्टी मेयर सुधाकरभाई चौधरी, स्थायी समिति अध्यक्ष राजनभाई पटेल, विधायक मनुभाई पटेल, सत्तापक्ष की नेता अल्पाबेन मेहता सहित महानगरपालिका के पदाधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
देश

कैरी बैग के 16 रुपये लेना पड़ा महंगा, विशाल मेगा मार्ट पर 3,016 रुपये का जुर्माना

Exit mobile version