Homeराज्यपटना के बांकीपुर में बदलेगी सड़कों की सूरत, 1.81 करोड़ रुपये से...

पटना के बांकीपुर में बदलेगी सड़कों की सूरत, 1.81 करोड़ रुपये से बनेंगी सड़कें और नाले

पटना : बिहार की राजधानी पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में नगर निगम ने नई पहल की है। क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सड़क और नाला निर्माण पर कुल 1.81 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत 9 विकास योजनाओं को पूरा कराया जाएगा। निर्माण कार्य पूरा होने से स्थानीय लोगों को जलजमाव, कीचड़ और खराब रास्तों की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

9 योजनाओं के तहत बनेंगे नाले और पीसीसी सड़कें

पटना नगर निगम की ओर से बांकीपुर अंचल के अलग-अलग वार्डों में भूगर्भ नालों और पीसीसी सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इन सभी योजनाओं के लिए निविदा जारी कर दी गई है। नगर निगम ने निर्माण कार्यों को तीन महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। कार्यपालक अभियंता को निर्माण की गुणवत्ता और समय सीमा की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है।

किस वार्ड में कितना होगा खर्च?

निर्माण योजनाओं के लिए वार्डवार निर्धारित बजट इस प्रकार है:

– वार्ड 36: गौरिया स्थान की पूरब गली में सावित्री सदन से उमेश यादव के मकान तक नाला और सड़क निर्माण पर 16.54 लाख रुपये खर्च होंगे। लालजी टोला में दिलीप किराना से हनुमान मंदिर तक निर्माण पर 15.24 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
– वार्ड 41: जीएम रोड गली में रितु कुंज से डॉ. रामजी प्रसाद के घर होते हुए मनोज कुमार तक नाला और सड़क निर्माण पर 18.80 लाख रुपये खर्च होंगे। चमन टोली में सत घरवा से श्रीलाल तक निर्माण पर 16.01 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
– वार्ड 42: धरहरा कोठी में जय प्रकाश निवास से कालिका ऑफसेट तक 19.71 लाख रुपये और मारवाड़ी कॉलोनी की अबुलास लेन में 23.07 लाख रुपये की लागत से नाला और पीसीसी सड़क बनाई जाएगी। काजीपुर में चंद्रभूषण के मकान से रोड नंबर तीन तक आरसीसी नाला और पीसीसी सड़क पर 15.22 लाख रुपये खर्च होंगे।
– वार्ड 49: रानी घाट में साईं बाबा मंदिर से गंगा घाट (भूतेश्वर धाम) तक नाला और सड़क निर्माण पर 15.13 लाख रुपये खर्च होंगे। वहीं, गुलबी घाट रोड में अशोक राजपथ से पीपल तल देवी स्थान तक पीसीसी सड़क बनाने पर 17.52 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

वार्ड 48 में पंचायत भवन का भी होगा निर्माण

सड़क और नाला निर्माण के अलावा वार्ड 48 के चक मुसल्लहपुर में कुशवाहा पंचायत भवन (नरेश विद्या मंदिर) का निर्माण भी कराया जाएगा। इस परियोजना पर 24.63 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे संबंधित निर्माण कार्यों को भी निर्धारित समय सीमा में पूरा करने की योजना है।

जलजमाव और खराब सड़कों से मिलेगी राहत

बांकीपुर के कई मोहल्लों में बारिश के दौरान जलजमाव और खराब सड़कों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। भूगर्भ नालों के निर्माण से पानी की निकासी बेहतर होने की उम्मीद है। वहीं, पीसीसी सड़कों के बनने से लोगों को गड्ढों और कीचड़ भरे रास्तों से राहत मिलेगी।

नगर निगम की इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और स्थानीय लोगों के आवागमन को सुगम बनाना है। अब इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने और निर्धारित समय में पूरा होने का इंतजार है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments