Homeराज्यपत्नी-बेटे के साथ 12 साल से चोरी का खेल! पटना का दिव्यांग...

पत्नी-बेटे के साथ 12 साल से चोरी का खेल! पटना का दिव्यांग आरोपी बना करोड़पति, पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा

पटना : बिहार की राजधानी पटना में चोरी के एक ऐसे गिरोह का खुलासा हुआ है, जिसके काम करने का तरीका जानकर पुलिस भी हैरान रह गई। आरोप है कि एक व्यक्ति पिछले 12 वर्षों से शहर के अलग-अलग इलाकों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। इस पूरे खेल में उसकी पत्नी और बेटा भी कथित तौर पर शामिल थे। पुलिस ने मुख्य आरोपी, उसकी पत्नी, बेटे और चोरी के जेवर खरीदने वाले एक आभूषण कारोबारी को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान दिनेश कुमार उर्फ विजय कुमार उर्फ ‘लंगड़ा’ के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में 12 वर्षों के दौरान 100 से अधिक घरों में चोरी करने की बात स्वीकार की है। वह पटना के पॉश इलाकों में बंद मकानों को निशाना बनाता था और दिनदहाड़े भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।

पत्नी संभालती थी चोरी के गहनों की बिक्री, बेटा रखता था हिसाब

पुलिस जांच में इस कथित गिरोह के काम करने का एक अलग तरीका सामने आया है। बताया जा रहा है कि दिनेश अकेले घरों में घुसकर चोरी करता था। इसके बाद चोरी के सामान को ठिकाने लगाने की जिम्मेदारी परिवार के दूसरे सदस्यों की होती थी।

पुलिस के अनुसार, उसकी 43 वर्षीय पत्नी पूनम देवी चोरी के सोने-चांदी के आभूषणों को बेचने का काम करती थी, जबकि 20 वर्षीय बेटा आर्यन इशु चोरी की रकम के लेनदेन और कमीशन का हिसाब रखता था। इस तरह चोरी से लेकर सामान बेचने तक की अलग-अलग जिम्मेदारियां परिवार के सदस्यों के बीच बंटी हुई थीं।

पुलिस ने तीनों को कंकड़बाग थाना क्षेत्र के 90 फीट रोड स्थित एक किराये के मकान से गिरफ्तार किया।

चोरी के जेवर खरीदने वाला ज्वेलर्स संचालक भी गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने चोरी के आभूषण खरीदने के आरोप में एक ज्वेलरी दुकानदार को भी गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान योगेश कुमार के रूप में हुई है। वह कंकड़बाग के लोहिया नगर स्थित ‘ओम अलंकार’ नामक आभूषण दुकान का संचालक बताया गया है।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दुकान और अन्य ठिकानों पर छापेमारी की। जांच में कथित तौर पर चोरी के आभूषणों की खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

493 ग्राम सोना और 1.70 किलो चांदी बरामद

पुलिस की छापेमारी में बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। बरामदगी में शामिल हैं:

– 493 ग्राम सोने के आभूषण और सामान
– 1,700 ग्राम चांदी के आभूषण और सामान
– 1.29 लाख रुपये नकद
– सोने का एक बिस्किट और चांदी के तीन बिस्किट
– चांदी के सिक्के और कटोरी
– चार चूड़ियां, 28 बिछिया और नौ जोड़ी पायल
– एक ब्रेसलेट
– एक देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस
– 41 ग्राम स्मैक और पांच मोबाइल फोन

पुलिस अब बरामद आभूषणों का अलग-अलग मामलों से मिलान करने में जुटी है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के आवास में भी कर चुका था चोरी

दिनेश कुमार का नाम वर्ष 2014 में पटना के बोरिंग रोड स्थित केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के आवास पर हुई चर्चित चोरी की घटना से भी जुड़ा रहा है। उस समय इस मामले में एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण और नकदी बरामद होने की खबर सामने आई थी।

पुलिस के अनुसार, दिनेश के खिलाफ पटना के करीब 10 अलग-अलग थानों में चोरी से जुड़े मामलों की जानकारी मिली है। अब पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य घटनाओं में उसकी भूमिका की जांच कर रही है।

चोरी के पैसों से घूमना, जुआ और नशे का कारोबार!

पुलिस की पूछताछ में यह भी सामने आया है कि चोरी से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल घूमने-फिरने, जुआ खेलने और मादक पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों में किया जाता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने चोरी के पैसों से कितनी संपत्ति अर्जित की है।

इसके लिए संबंधित विभागों को भी जानकारी दी जा रही है, ताकि अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति की पहचान कर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की जा सके।

पुलिस खंगाल रही 12 साल का आपराधिक रिकॉर्ड

पटना पुलिस की इस कार्रवाई से राजधानी में सक्रिय चोरी के कथित नेटवर्क का खुलासा हुआ है। अब जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस पुराने मामलों, चोरी के सामान की खरीद-बिक्री और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

फिलहाल मुख्य आरोपी समेत चार लोगों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि पटना में हुई कई पुरानी चोरी की घटनाओं की गुत्थी भी सुलझ सकती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments