Homeदेशजयपुर-अजमेर हाईवे पर भीषण हादसा: स्कॉर्पियो पलटने से युवक और छात्रा की...

जयपुर-अजमेर हाईवे पर भीषण हादसा: स्कॉर्पियो पलटने से युवक और छात्रा की मौत

जयपुर, 07 अगस्त  जयपुर-अजमेर हाईवे पर बगरू थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक और युवती की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि बारिश के पानी में तेज रफ्तार से दौड़ रही स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर तीन बार पलटी खाते हुए डिवाइडर से जा टकराई।

हादसे में मृतकों की पहचान अमन मान (21), निवासी श्रीमाधोपुर (सीकर) और रेवती (24), निवासी डूंगरगढ़ (बीकानेर) के रूप में हुई है। वहीं नितेश (24), निवासी झाड़ली (सीकर) घायल हो गया, जिसका उपचार जारी है।

हेड कांस्टेबल भंवरलाल के अनुसार हादसा बगरू स्थित बड़ के बालाजी के पास रात करीब 2 बजे हुआ। हेड कांस्टेबल अंजनी जांगिड़ ने बताया कि बारिश के दौरान स्कॉर्पियो की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। सड़क पर जमा पानी में तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। ब्रेक लगाने के दौरान कार पलट गई और तीन बार पलटी खाते हुए डिवाइडर की रेलिंग पर चढ़कर रुक गई।

हादसे में कार के साइड शीशे टूट गए। पुलिस के अनुसार सीट बेल्ट नहीं लगाने के कारण युवती रेवती कार से बाहर जा गिरी, जबकि कार चला रहा अमन स्टेयरिंग और सीट के बीच फंस गया। पीछे की सीट पर बैठा नितेश बेहोशी की हालत में मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अमन और रेवती को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो से शराब की बोतल मिलने की बात सामने आई है। इससे हादसे के समय शराब सेवन की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी।

पुलिस के अनुसार कार नितेश के चाचा की थी। तीनों युवक-युवती सिरसी रोड क्षेत्र से देर रात घूमने निकले थे। बगरू पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए हैं और मामले की जांच की जा रही है।

मृतक अमन मानसरोवर में किराए पर रहकर पढ़ाई कर रहा था, जबकि रेवती मानसरोवर स्थित एक पीजी में रहकर राजस्थान पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रही थी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments