मकवानपुर : नेपाल के मकवानपुर जिले में गुरुवार सुबह एक बार फिर भीषण सड़क हादसा हुआ। हेटौंडा से काठमांडू जा रही यात्रियों से भरी एक सूमो अनियंत्रित होकर त्रिभुवन राजपथ से नीचे राप्ती नदी में जा गिरी। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए हेटौंडा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे ना 1 ज 2143 नंबर की सूमो हेटौंडा से काठमांडू की ओर जा रही थी। इसी दौरान भीमफेदी गांवपालिका-1 स्थित भैंसे बाजार के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद सूमो सड़क से नीचे सीधे राप्ती नदी में जा गिरी। हादसे के वक्त वाहन में चालक समेत कुल 10 लोग सवार थे।
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी यात्रियों को नदी से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष
मकवानपुर के पुलिस उपाधीक्षक माधव काफ्ले के अनुसार, हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी।
वहीं, दुर्घटना में घायल सात लोगों का हेटौंडा अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों की स्थिति मध्यम बताई गई है। मकवानपुर के प्रमुख जिला अधिकारी (सीडीओ) वसंत अधिकारी ने भी तीन लोगों की मौत और सात लोगों के घायल होने की प्रारंभिक जानकारी की पुष्टि की है। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
12 दिनों में भीमफेदी में दूसरा बड़ा हादसा
भीमफेदी क्षेत्र में करीब 12 दिनों के भीतर यह दूसरा बड़ा सड़क हादसा है। इससे पहले 12 नवंबर को भीमफेदी गांवपालिका-6 के चिसापानीगढ़ी में काठमांडू से सर्लाही जा रही एक माइक्रोबस करीब 700 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी। उस दर्दनाक दुर्घटना में 14 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि छह अन्य घायल हुए थे।
लगातार हो रहे हादसों के बाद इस मार्ग पर सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय स्तर पर भी पहाड़ी सड़कों पर वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल गुरुवार को हुई सूमो दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में प्रशासन जुटा है।




Users Today : 42
Who's Online : 0