Homeविश्व समाचारइजराइल में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ, आइसेनकोट पर सबकी...

इजराइल में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ, आइसेनकोट पर सबकी नजर

यरुशलम (इजराइल) : इजराइल में गुरुवार देरशाम नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया। 11 सांसदों वाली अरब पार्टियों के गठबंधन ज्वाइंट लिस्ट के नेताओं ने राष्ट्रपति इसाक हर्जोग से मुलाकात की। इसके बाद राष्ट्रपति को मध्यमार्गी गठबंधन के नेता और पूर्व सेना प्रमुख 66 वर्षीय गादी आइसेनकोट के समर्थन का पत्र सौंप दिया। आइसेनकोट यशार पार्टी के नेता हैं। उन्होंने पिछले साल पार्टी बनाई और इस साल चुनाव मैदान में कूदे।

द यरुशलम पोस्ट और द टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले सप्ताह हुए नेसेट (संसद) के चुनाव के बाद उन्हें विपक्षी गुटों और अरब राजनीतिक दलों ज्वाइंट लिस्ट और रा’अम का का समर्थन मिलने तस्वीर बदल गई। इनके समर्थन से आइसेनकोट 120 सदस्यों वाली नेसेट में सरकार बनाने के लिए आवश्यक बहुमत के आंकड़े (61 सीट) को पार कर गए। अरब पार्टी रा’अम के आठ सांसद हैं। चुनाव में आइसेनकोट के नेतृत्व वाले गठबंधन के 48 उम्मीद जीते हैं।

देश में सबसे ज्यादा समय 19 वर्ष तक सत्ता में रहे बेंजामिन नेतन्याहू नई सरकार के गठन के लिए आवश्यक बहुमत नहीं जुटा सके। 27 अक्टूबर को हुए चुनाव में उनके गठबंधन को 53 सीटें मिलीं। गुरुवार को नेतन्याहू के नेतृत्व वाले दक्षिणपंथी गठबंधन में शामिल सात सांसदों वाली पार्टी यूनाइटेड टोरा जूडिज्म (यूटीजेड) ने अलग होने की घोषणा कर दी। इसके बाद समीकरण बदल गए। नेतन्याहू गुट के पास केवल 46 सांसद बचे। यूटीजेड ने फिलहाल नेसेट में अलग बैठने का फैसला किया है।

आइसेनकोट ने कहा कि वह इजराइल को यहूदी राष्ट्र मानते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था से देश को चलाएंगे। हमास को आतंकी संगठन मानते हुए उसकी सैन्य शक्ति को खत्म किया जाएगा। सेना में भर्ती के लिए नियम बदले जाएंगे। देश के गठन के समय नागरिक अधिकारों के लिए तय की गई आचार संहिता का पालन किया जाएगा। राष्ट्रपति को आइसेनकोट के समर्थन में पत्र सौंपने वाली ज्वाइंट लिस्ट में तीन अरब पार्टियां- हदाश, ताल और बलद हैं हैं। रा’अम ने अलग होकर चुनाव लड़ा।

राष्ट्रपति हर्जोग ने कहा कि नेसेट के चुने गए 120 सदस्यों में से 67 ने आइजेनकोट के नाम की सिफारिश की है। वह रविवार को उन्हें सरकार बनाने की जिम्मेदारी सौंपेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की लिकुड पार्टी ने एकता की अपील की। उन्होंने विरोधियों को विनाशकारी गुट करार दिया। चैनल-12 की रिपोर्ट के अनुसार, 10 नवंबर को शपथ ग्रहण कार्यक्रम किया जाएगा। शपथ ग्रहण के बाद नेसेट के नए अध्यक्ष का चुनाव होगा।

नेसेट के अध्यक्ष अमीर ओहाना ने कहा है कि कम से कम 61 सांसद औपचारिक रूप से अनुरोध करते हैं तो वह अपने उत्तराधिकारी को चुनने के लिए बहस का समय तय करेंगे। ओहाना लिकुड पार्टी से हैं। अरब पार्टी रा’अम ने आइसेनकोट का समर्थन किया और कहा कि वह रक्षा मामलों में दखल नहीं देगी। हर्जोग के साथ मुलाकात में इस पार्टी के नेता मंसूर अब्बास ने हमास को स्पष्ट रूप से आतंकवादी संगठन मानने से परहेज किया। हालांकि, उन्होंने आतंकवाद और राजनीतिक हिंसा की बार-बार निंदा की और यह भी कहा कि हमास के हथियार छीन लिए जाने चाहिए और उसे सत्ता से हटा दिया जाना चाहिए। आइसेनकोट ने अपनी संभावित सरकार में शामिल होने की इच्छा रखने वाली पार्टियों के सामने यह शर्त रखी है कि उन्हें हमास को एक आतंकवादी संगठन के रूप में मान्यता देनी होगी। अब्बास ने उम्मीद जताई कि आइसेनकोट अच्छी सरकार बनाएंगे।

नेतन्याहू का सबसे लंबा कार्यकाल

प्रधानमंत्री नेतन्याहू का सत्ता से जाना तय माना जा रहा है। उन्हें देश में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री बने रहने के लिए जाना जाएगा। उन्होंने पहला कार्यकाल (3 साल) 18 जून 1996 से 6 जुलाई 1999 को पूरा किया। उनका दूसरा कार्यकाल (12 साल) 31 मार्च 2009 से 13 जून 2021 तक रहा। उनका तीसरा कार्यकाल चल रहा है। उन्होंने 29 दिसंबर 2022 को प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला।

आइसेनकोट संभाल चुके हैं आईडीएफ की कमान

आइसेनकोट इजराइल रक्षा बलों (आईडीएफ) की कमान संभाल चुके हैं। पूर्व सेना प्रमुख (चीफ ऑफ स्टाफ) इस चुनाव में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के सबसे बड़े राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी के रूप में उभरे।आइसेनकोट ने 1978 में आम सैनिक के रूप में अपना करियर शुरू किया था। वह 2015 से 2019 तक आईडीएफ के 21वें चीफ ऑफ स्टाफ रहे। वह इस पद पर पहुंचने वाले मिजराही यहूदी पृष्ठभूमि के पहले व्यक्ति हैं। सैन्य रणनीति में उनका दहिया सिद्धांत चर्चित है। सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने 2022 में राजनीति में प्रवेश किया। सितंबर 2025 में उन्होंने पार्टी बनाई। 19 मई 1960 को टिबेरियस शहर में जन्मे आइसेनकोट अब देश को संभालने जा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments