डेस्क : आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और अभिनेता पवन कल्याण तथा उनकी पत्नी अन्ना कोनिडेला ने शादी के करीब 13 साल बाद अलग होने का फैसला किया है। दोनों ने आपसी सहमति से तलाक लेने का निर्णय किया है। उपमुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, यह फैसला आपसी समझ और सम्मान के साथ लिया गया है। दोनों ने स्पष्ट किया है कि वैवाहिक रिश्ता खत्म होने के बावजूद वे अच्छे दोस्त बने रहेंगे और अपने बच्चों के प्रति माता-पिता की जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।
बयान में कहा गया है कि बच्चों की खुशी और भलाई दोनों की साझा प्राथमिकता रहेगी। साथ ही पवन कल्याण और अन्ना कोनिडेला ने अपने शुभचिंतकों से इस मुश्किल दौर में उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की है।
तीन शादियां, तीनों रिश्तों का हुआ अंत
पवन कल्याण की निजी जिंदगी हमेशा चर्चा में रही है। उन्होंने अब तक तीन शादियां कीं और तीनों रिश्तों का अंत तलाक के साथ हुआ। उनकी पहली शादी नंदिनी से हुई थी। फिल्मी करियर की शुरुआत के कुछ समय बाद परिवार की पहल पर उनकी शादी कराई गई थी।
एक इंटरव्यू में पवन कल्याण ने बताया था कि परिवार के कहने पर उन्होंने इस रिश्ते को स्वीकार किया था। हालांकि, कुछ समय बाद दोनों के बीच अनबन शुरू हो गई। पवन के मुताबिक, हर रिश्ते में सब कुछ ठीक नहीं चलता और कई बार अलग हो जाना ही बेहतर होता है।
पहली पत्नी नंदिनी से विवाद और तलाक
नंदिनी से शादी के दौरान ही पवन कल्याण की नजदीकियां अपनी को-स्टार रेनू देसाई से बढ़ने लगी थीं। दोनों साथ रहने लगे थे। साल 2004 में रेनू ने बेटे अकिरा नंदन को जन्म दिया।
उस समय नंदिनी से पवन का तलाक नहीं हुआ था। ऐसे में नंदिनी ने पवन के खिलाफ द्विविवाह से जुड़े कानून के तहत अदालत में मामला दर्ज कराया था। उन्होंने गुजारा भत्ते के रूप में हर महीने पांच लाख रुपये की मांग भी की थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नंदिनी ने भारतीय दंड संहिता की धारा 494 के तहत पवन कल्याण के परिवार के कुछ सदस्यों और रेनू देसाई के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई थी। विवाद के बाद साल 2007 में पवन और नंदिनी का तलाक हो गया। बताया जाता है कि तलाक के समय पवन ने पांच करोड़ रुपये गुजारा भत्ते के रूप में दिए थे।
रेनू देसाई से शादी, फिर तीन साल में अलगाव
नंदिनी से तलाक के बाद पवन कल्याण ने 28 जनवरी 2009 को रेनू देसाई से शादी कर ली। इस शादी से दोनों के दो बच्चे हुए। बेटे अकिरा नंदन के बाद बेटी आध्या का जन्म हुआ।
हालांकि, यह रिश्ता भी ज्यादा समय तक नहीं चल सका। शादी के करीब तीन साल बाद 2012 में दोनों ने तलाक ले लिया। उस समय मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि आर्थिक मामलों और पवन की ओर से अपने भाई नागेंद्र बाबू की मदद किए जाने को लेकर दोनों के बीच मतभेद थे। हालांकि, तलाक की वास्तविक वजह को लेकर दोनों ने सार्वजनिक रूप से विस्तार से कुछ नहीं कहा।
बताया जाता है कि पवन कल्याण ने वकील के माध्यम से इस रिश्ते को बचाने की कोशिश भी की थी, लेकिन बात नहीं बनी। रेनू से अलग होने के बाद पवन की जिंदगी में रूसी मॉडल अन्ना लेजनेवा आईं।
अन्ना लेजनेवा से तीसरी शादी
पवन कल्याण और अन्ना लेजनेवा की मुलाकात एक फिल्म की शूटिंग के दौरान हुई थी। रेनू देसाई से तलाक के करीब एक साल बाद, 30 सितंबर 2013 को दोनों ने शादी कर ली।
इस शादी से पवन कल्याण दो बच्चों के पिता बने। उनकी बेटी का नाम पोलेना अंजना पवनोवा और बेटे का नाम मार्क शंकर पवनोविच है।
तीन शादियों को लेकर एक बार पवन कल्याण ने कहा था कि उनका शादी करने का कोई खास इरादा नहीं था, लेकिन परिस्थितियों के साथ ऐसा होता चला गया। उन्होंने यह भी कहा था कि एक शादी नहीं चली तो उन्हें दूसरी शादी करनी पड़ी।
‘शादी खत्म, लेकिन दोस्त बने रहेंगे’
अन्ना कोनिडेला से अलग होने के फैसले के बाद जारी बयान में पवन कल्याण ने कहा कि जिंदगी का एक बड़ा हिस्सा साथ बिताने के बाद दोनों ने आपसी समझ और सम्मान के साथ अलग होने का निर्णय लिया है।
बयान के मुताबिक, शादी खत्म होने के बावजूद दोनों अच्छे दोस्त बने रहेंगे। अपने बच्चों के लिए समर्पित माता-पिता की भूमिका निभाना जारी रखेंगे। बच्चों की खुशी और भलाई हमेशा उनकी साझा प्राथमिकता रहेगी।
अभिनेता से आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री तक का सफर
पवन कल्याण ने 14 मार्च 2014 को जनसेना पार्टी की स्थापना की थी। साल 2024 के आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी ने तेलुगु देशम पार्टी (TDP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ गठबंधन किया था।
175 विधानसभा सीटों वाले राज्य में टीडीपी ने 135, जनसेना पार्टी ने 21 और भाजपा ने 8 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू मुख्यमंत्री बने, जबकि जनसेना प्रमुख पवन कल्याण ने उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली।
अब तीसरी शादी टूटने की खबर के बाद पवन कल्याण की निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा में है। हालांकि, दोनों ने अपने बयान में साफ किया है कि अलग होने के बावजूद बच्चों की परवरिश और उनके भविष्य को लेकर उनकी जिम्मेदारी साझा रहेगी।




Users Today : 341
Who's Online : 4