Home देश Bhai Dooj 2026: 11 नवंबर को मनाया जाएगा भाई दूज और चित्रगुप्त...

Bhai Dooj 2026: 11 नवंबर को मनाया जाएगा भाई दूज और चित्रगुप्त पूजा, सर्वार्थ अमृत सिद्धि योग में बहनें करेंगी भाइयों का तिलक

0
277

डेस्क : पंचदिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत धनतेरस से होती है और इसका समापन भाई दूज के साथ होता है। भाई दूज का पर्व हर वर्ष कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। इस बार हिंदू पंचांग के अनुसार द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे शुरू होकर 11 नवंबर को दोपहर 3:53 बजे तक रहेगी।

10 नवंबर को उदया तिथि नहीं मिलने के कारण भाई दूज का पर्व 11 नवंबर, बुधवार को मनाया जाएगा। इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, सुख और समृद्धि की कामना करेंगी। वहीं, भाई भी बहनों की रक्षा और सम्मान का संकल्प लेते हुए उन्हें उपहार देंगे।

सर्वार्थ अमृत सिद्धि योग में भाई दूज और चित्रगुप्त पूजा

इस वर्ष भाई दूज पर अनुराधा और ज्येष्ठा नक्षत्र का संयोग बन रहा है। इसके साथ सर्वार्थ अमृत सिद्धि योग और सिद्ध योग का भी शुभ संयोग रहेगा। इस अवसर पर बहनें भगवान की पूजा और कथा के बाद यमराज तथा उनके दूतों की आराधना करेंगी। इसके बाद भाइयों को तिलक लगाकर उनकी दीर्घायु, सुख, समृद्धि, यश और विद्या की कामना करेंगी।

धार्मिक मान्यता के अनुसार, बहनें प्रार्थना में मार्कण्डेय, हनुमान, बलि, परशुराम, व्यास, विभीषण, कृपाचार्य और अश्वत्थामा जैसे आठ चिरंजीवियों की तरह अपने भाइयों के दीर्घायु होने का वरदान मांगती हैं।

भाई दूज के अवसर पर कायस्थ समुदाय के श्रद्धालु भी बुधवार को भगवान चित्रगुप्त की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे।

शुभ संयोग में मनेगा भाई दूज का त्योहार

ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश झा के अनुसार, इस बार भाई दूज का पर्व शुभ योगों के संयोग में मनाया जाएगा। मिथिलांचल में इस दिन बहनें अपने भाइयों के हाथों की विशेष पूजा करती हैं। अरिपन बनाकर चंदन, पान-सुपारी, फूल और धान की बाली से पूजा की जाती है। इसके बाद भाइयों को विशेष चंदन का तिलक लगाकर उनकी सलामती की कामना की जाती है।

गोधन कूटने की अनोखी परंपरा

बिहार में भाई दूज के अवसर पर गोधन कूटने की एक अनोखी लोकपरंपरा भी निभाई जाती है। इसमें गोबर से मानव आकृति बनाई जाती है और उसके सीने पर ईंट रखकर महिलाएं मूसल से उसे कूटती हैं। इस दौरान पारंपरिक लोकगीत गाए जाते हैं।

इसके बाद कजरौटा में काजल तैयार किया जाता है और उसे घर के बच्चों को लगाया जाता है। महिलाएं गोधन की परिक्रमा कर परंपरा पूरी करती हैं।

बिहार के अलग-अलग क्षेत्रों में भैया दूज मनाने के तरीके और लोकरीतियां अलग-अलग हैं। इस अवसर पर बहनें यमराज और यमुना का स्मरण करते हुए प्रार्थना करती हैं कि जिस तरह यमराज ने यमुना की प्रार्थना सुनी थी, उसी तरह वे भी उनकी विनती स्वीकार करें और उनके भाई पर आने वाले सभी संकटों को दूर रखें।

भाई दूज की पौराणिक कथा

धार्मिक मान्यता के अनुसार, कार्तिक शुक्ल द्वितीया के दिन यमुना ने अपने भाई यमराज को भोजन के लिए घर आने का निमंत्रण दिया था। यमराज ने बहन का निमंत्रण स्वीकार कर लिया।

कहा जाता है कि यमराज ने सोचा कि वे प्राण हरने वाले देवता हैं और सामान्यतः कोई उन्हें अपने घर आमंत्रित नहीं करता। लेकिन बहन यमुना जिस प्रेम और सद्भावना से उन्हें बुला रही हैं, उसका सम्मान करना उनका धर्म है। बहन के घर जाते समय उन्होंने नरक में रहने वाले जीवों को मुक्त कर दिया।

यमराज को घर आया देखकर यमुना बेहद प्रसन्न हुईं। उन्होंने स्नान और पूजन के बाद तरह-तरह के व्यंजन बनाकर भाई को भोजन कराया। यमुना के आतिथ्य से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान मांगने को कहा।

इस पर यमुना ने आग्रह किया कि यमराज हर वर्ष इसी दिन उनके घर आया करें। साथ ही, जो बहन इस दिन अपने भाई का आदर-सत्कार कर तिलक करे, उसे यमराज का भय न रहे। यमराज ने तथास्तु कहकर बहन को वस्त्र और आभूषण भेंट किए और यमलोक लौट गए। इसी मान्यता के कारण भाई दूज पर यमराज और यमुना की पूजा की जाती है।

भाई दूज की पूजा सामग्री का धार्मिक महत्व

रेगनी का कांटा: परंपरा के अनुसार, बहनें रेगनी का कांटा जीभ पर स्पर्श कर यह संकल्प लेती हैं कि उनके मुंह से कभी भी भाई के लिए बुरा वचन नहीं निकलेगा।

बजरी: मान्यता है कि बजरी कठोर होती है। इसे खाने के पीछे कामना की जाती है कि भाई भी इसकी तरह मजबूत, दृढ़ और निष्ठावान बने।

नारियल: नारियल का बाहरी आवरण कठोर और अंदर का हिस्सा सफेद होता है। इसका प्रयोग भाई के स्वभाव में सरलता, वाणी में मधुरता और व्यवहार में शीतलता की कामना के प्रतीक के रूप में किया जाता है।

पान: पान को शुभता और प्रेम का प्रतीक माना जाता है। इसे अर्पित करते हुए कामना की जाती है कि भाई सबका प्रिय बने और उसके जीवन में खुशहाली बनी रहे।

भाई दूज का पर्व भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और आपसी सम्मान का प्रतीक है। यह त्योहार परिवार के रिश्तों को मजबूत करने और एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश देता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
नितिन नवीन का आज से तीन दिवसीय बिहार दौरा, छठ घाटों का लेंगे जायजा; NDA नेताओं के साथ करेंगे अहम बैठक राज्य

नितिन नवीन का आज से तीन दिवसीय बिहार दौरा, छठ घाटों का लेंगे जायजा; NDA नेताओं के साथ करेंगे अहम बैठक