पटना : बिहार सरकार ने राज्य के युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में दक्ष बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में ग्लोबल फाइनेंस एंड टेक्नोलॉजी नेटवर्क (GFTN), सिंगापुर को इस योजना के लिए चुना गया। इसके तहत अगले पांच वर्षों में बिहार के 7 हजार छात्र-छात्राओं को AI की ट्रेनिंग दी जाएगी। ट्रेनिंग पूरी करने वाले युवाओं को प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा।
इस योजना का उद्देश्य बिहार के युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ना और उन्हें रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है। खास बात यह है कि इसमें केवल विज्ञान विषय के छात्र ही नहीं, बल्कि अन्य विषयों से ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन करने वाले विद्यार्थी भी शामिल हो सकेंगे।
नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर के संस्थान के साथ होगा कोर्स
AI ट्रेनिंग कार्यक्रम के लिए नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर के एशियन इंस्टीट्यूट ऑफ डिजिटल फाइनेंस और लिनक्स फाउंडेशन के साथ मिलकर पांच महीने का विशेष कोर्स संचालित किया जाएगा। इसमें छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी तकनीकी जानकारी और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
पांच साल में कुल 7 हजार युवाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। कोर्स पूरा करने के बाद छात्रों को AI का सर्टिफिकेट मिलेगा। इससे उन्हें देश और विदेश की तकनीकी कंपनियों में रोजगार पाने के अवसर मिल सकते हैं।
100 से अधिक स्टार्टअप्स को मिलेगा फायदा
इस योजना के तहत बिहार में एक डिजिटल प्लेटफॉर्म भी विकसित किया जाएगा। इससे राज्य के 100 से अधिक स्टार्टअप्स को लाभ मिलने की उम्मीद है। इस प्लेटफॉर्म पर स्टार्टअप संचालकों, विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और सरकारी अधिकारियों को AI से जुड़े आधुनिक टूल और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इन तकनीकी सुविधाओं की मदद से बिहार की स्थानीय जरूरतों, सामाजिक चुनौतियों और विकास से जुड़ी समस्याओं का समाधान खोजने में मदद मिलेगी। इससे राज्य में नवाचार और तकनीकी उद्यमिता को भी बढ़ावा मिल सकता है।
दुनिया के 12 बड़े मंचों पर प्रदर्शित होगा बिहार का काम
योजना के तहत बिहार के तकनीकी विकास और स्टार्टअप से जुड़ी उपलब्धियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की भी तैयारी है। इसके लिए दुनिया के 12 प्रमुख मंचों पर बिहार की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
इनमें सिंगापुर फिनटेक फेस्टिवल, पॉइंट जीरो फोरम ज्यूरिख, ब्लैक स्वान समिट, बैंकॉक डिजिटल फाइनेंस फोरम और GFTN फोरम जापान जैसे प्रमुख आयोजन शामिल हैं।
इन मंचों पर अंतरराष्ट्रीय निवेशकों, बड़ी तकनीकी कंपनियों और नीति निर्धारकों के सामने बिहार की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रस्तुत किया जाएगा। इससे राज्य में विदेशी निवेश और तकनीकी कंपनियों की भागीदारी बढ़ने की संभावना है।
मार्च से शुरू हो सकती है ट्रेनिंग
योजना को जमीन पर उतारने के लिए सिंगापुर की संस्था जल्द ही बिहार में अपना केंद्र स्थापित करेगी। इसके बाद विज्ञान एवं प्रावैधिकी विभाग की मदद से प्रशिक्षण के लिए विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।
केंद्र की स्थापना, छात्रों के चयन और अन्य जरूरी तैयारियों में करीब छह महीने का समय लग सकता है। ऐसे में मार्च से AI ट्रेनिंग कार्यक्रम शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
रोजगार और तकनीकी शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा: बिहार सरकार की इस पहल से युवाओं को नई तकनीक सीखने का अवसर मिलेगा। साथ ही राज्य में AI आधारित स्टार्टअप, रिसर्च और डिजिटल इनोवेशन का नया इकोसिस्टम विकसित करने में मदद मिल सकती है।




Users Today : 178
Who's Online : 4