मोतिहारी : जदयू के नेतृत्व और पार्टी की कार्यशैली पर लगातार सवाल उठाने वाले पूर्व सांसद आनंद मोहन ने एक बार फिर निशांत कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया है। मोतिहारी पहुंचे आनंद मोहन ने कहा कि निशांत कुमार को पार्टी चलाने वाले नेताओं ने न तो जननेता बनने दिया और न ही एक मजबूत नेता के रूप में उभरने का अवसर दिया।
आनंद मोहन ने कहा कि वह पहले से ही लगातार यह मांग करते रहे हैं कि निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए। हालांकि, पार्टी के अंदर फैसले लेने वाले नेता क्या सोच रहे हैं और उनकी क्या रणनीति है, यह वही लोग बेहतर बता सकते हैं।
पूर्व सांसद ने कहा कि पार्टी के कुछ नेता पहले यह कहते थे कि निशांत कुमार नेता और मंत्री बनने के लिए तैयार नहीं हो रहे हैं। लेकिन अचानक उन्हें स्वास्थ्य मंत्री बना दिया गया। यह पूरा घटनाक्रम भी उन्हें अजीब लगता है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब निशांत कुमार को राजनीति में आगे बढ़ाने की बात थी, तब उन्हें जननेता बनने का अवसर क्यों नहीं दिया गया? पार्टी चलाने वाले लोगों ने उन्हें केवल स्वास्थ्य मंत्री बनाकर छोड़ दिया।
आनंद मोहन ने एक बार फिर निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाए जाने की अपनी पुरानी मांग दोहराई। उनके बयान से जदयू के अंदर नेतृत्व और निशांत कुमार की राजनीतिक भूमिका को लेकर चल रही चर्चा फिर तेज हो गई है। फिलहाल आनंद मोहन के इस बयान पर जदयू के शीर्ष नेताओं की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




Users Today : 175
Who's Online : 5