पटना : बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए शिक्षा विभाग ने एक नई पहल शुरू करने की तैयारी की है। अब स्कूल की नियमित कक्षाएं खत्म होने के बाद भी बच्चों की पढ़ाई जारी रहेगी। खासकर पढ़ाई में कमजोर और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा। ऐसे बच्चों को निजी ट्यूशन या कोचिंग पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इसके लिए शिक्षा विभाग ने ‘संकल्प संध्या’ योजना तैयार की है।
इस योजना के तहत विद्यार्थियों के लिए शाम के समय विशेष कक्षाएं संचालित की जाएंगी। इन कक्षाओं में सिर्फ पाठ्यक्रम पूरा कराने पर ही नहीं, बल्कि बच्चों की बुनियादी समझ मजबूत करने और कठिन विषयों को आसान बनाने पर भी ध्यान दिया जाएगा। खास बात यह है कि अंग्रेजी और गणित के साथ बच्चों को कंप्यूटर साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की भी पढ़ाई कराई जाएगी।
‘संकल्प संध्या’ के तहत शाम 5 बजे से 7:30 बजे तक विशेष कक्षाएं चलाने की योजना है। इसमें नौवीं, दसवीं, 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं को शामिल किया जाएगा। खासतौर पर उन विद्यार्थियों की पहचान की जाएगी, जिन्हें पढ़ाई में परेशानी होती है या जो किसी विषय में कमजोर हैं।
दसवीं और 12वीं के विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा की तैयारी भी कराई जाएगी। इसके अलावा गृहकार्य पूरा कराने और विषयों से जुड़ी समस्याओं को दूर करने में भी मदद मिलेगी।
इस विशेष कक्षा में चार विषयों पर प्रमुखता से ध्यान दिया जाएगा। अंग्रेजी के जरिए बच्चों की भाषा और संवाद क्षमता बेहतर बनाई जाएगी। गणित के कठिन सवालों को आसान तरीके से समझाया जाएगा। वहीं, कंप्यूटर साइंस के माध्यम से डिजिटल शिक्षा की बुनियादी जानकारी दी जाएगी।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की शुरुआती समझ भी विकसित कराई जाएगी, ताकि वे आधुनिक तकनीक से परिचित हो सकें।
इस योजना में सरकारी शिक्षकों के अलावा सेवानिवृत्त अधिकारियों को भी पढ़ाने का मौका मिलेगा। बिहार प्रशासनिक सेवा, बिहार शिक्षा सेवा और अन्य सरकारी सेवाओं से रिटायर अधिकारी स्वेच्छा से बच्चों को पढ़ा सकेंगे।
इसके लिए उनकी उम्र 70 वर्ष से कम होनी चाहिए और जिला शिक्षा पदाधिकारी से अस्थायी अनुमति लेनी होगी। खास बात यह है कि पढ़ाने के बदले उन्हें कोई मानदेय नहीं दिया जाएगा। वे स्वैच्छिक आधार पर अपनी सेवाएं देंगे।
शाम की विशेष कक्षाओं में पढ़ाने वाले नियमित सरकारी शिक्षकों के लिए भी व्यवस्था की गई है। लगातार तीन दिन तक विशेष कक्षाओं में पढ़ाने वाले शिक्षकों को एक दिन का क्षतिपूर्ति अवकाश दिया जाएगा। इसका उद्देश्य शिक्षकों को अतिरिक्त शैक्षणिक जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में इस योजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू करने का फैसला किया है। फिलहाल इसकी शुरुआत भागलपुर जिले से की जा रही है। जिलाधिकारी अलंकृता पांडे के मार्गदर्शन में दो सरकारी स्कूलों का चयन किया गया है। इनमें इंटरस्तरीय जिला स्कूल, भागलपुर और राय हरिमोहन ठाकुर इंटर स्कूल, बरारी शामिल हैं।
जिला शिक्षा पदाधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, दोनों स्कूलों की सूची शिक्षा विभाग के निदेशक (प्रशासन) को भेज दी गई है। 17 नवंबर से योजना शुरू करने की तैयारी की गई है। अगर यह प्रयोग सफल रहता है तो भविष्य में बिहार के दूसरे सरकारी स्कूलों में भी ‘संकल्प संध्या’ का विस्तार किया जा सकता है।




Users Today : 143
Who's Online : 0