बेगूसराय : केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद के बीच संभावित राजनीतिक गठबंधन और तीसरा मोर्चा बनाने की चर्चाओं पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में हिंदुओं को जातियों में बांटकर उनकी राजनीतिक ताकत कमजोर करने की साजिश हो रही है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस, राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा।
गिरिराज सिंह ने कहा कि उनके अनुसार अंग्रेजों और मुगलों ने हिंदू सनातनियों को जातियों में बांटने का काम किया। बाद में नेहरू के दौर में भी हिंदुओं को जातियों में बांटने की राजनीति हुई। आज स्थिति यह है कि हर जाति का राजनीतिकरण किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ सनातनियों को जातियों में बांटने की कोशिश हो रही है, वहीं दूसरी तरफ मुसलमानों का कट्टरवादी एकीकरण और ईसाइयों का विस्तारवादी एजेंडा आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की पहचान सनातन परंपरा के बिना अधूरी है। ओवैसी और चंद्रशेखर के संभावित राजनीतिक समीकरण को लेकर भी उन्होंने इसी संदर्भ में अपनी चिंता जाहिर की।
यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर कांग्रेस पर निशाना
कांग्रेस की ओर से यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे सांसद और जेएनयू के पूर्व प्रोफेसर को मणिपुर की तीन महत्वपूर्ण चुनावी समितियों में शामिल किये जाने के सवाल पर गिरिराज सिंह ने कांग्रेस नेतृत्व पर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि बेटियों के साथ कथित उत्पीड़न के मामले में संबंधित व्यक्ति पर लगे आरोप कांग्रेस को दिखाई नहीं देते। राहुल गांधी का चश्मा शायद खराब हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ऐसे लोगों को महत्व दे रही है, जिन पर गंभीर आरोप लगे हैं।
अखिलेश यादव के बयान पर अर्थव्यवस्था का दिया हवाला
देश की अर्थव्यवस्था को लेकर अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति का आकलन करने के लिए 1947, कांग्रेस शासनकाल और 2014 के समय की आर्थिक स्थिति की तुलना करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि विपक्ष को भ्रम फैलाने के बजाय आर्थिक आंकड़ों पर बात करनी चाहिए। आज विश्व बैंक और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) से लेकर दुनिया के कई देश भारतीय अर्थव्यवस्था पर नजर रख रहे हैं।
गिरिराज सिंह ने पेट्रोल की कीमतों, विदेशी मुद्रा भंडार और रक्षा निर्यात का जिक्र करते हुए कहा कि भारत चिप से लेकर शिप तक अपनी क्षमता बढ़ा रहा है। उन्होंने दावा किया कि देश का विदेशी मुद्रा भंडार पहले की तुलना में दोगुना हो चुका है। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अगर इसे गिरती हुई अर्थव्यवस्था कहा जाता है तो उन्हें ऐसी गिरती अर्थव्यवस्था भी कबूल है।
बिहार के विकास में मोदी के आने से लगे चार चांद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री वर्ष 2015 से ही कहते रहे हैं कि पूर्वांचल के विकास के बिना देश का विकास संभव नहीं है। बिहार पूर्वांचल का प्रवेश द्वार है, इसलिए बिहार का विकास देश के समग्र विकास के लिए बेहद जरूरी है।
उन्होंने बेगूसराय के औद्योगिक विकास का जिक्र करते हुए कहा कि जिले में रिफाइनरी, फर्टिलाइजर, एनटीपीसी और सड़कों के विस्तार जैसी परियोजनाओं से विकास को गति मिली है। बिहार में उद्योग-धंधों से जुड़े लोग आ रहे हैं और राज्य एथेनॉल उत्पादन के हब के रूप में उभर रहा है।
गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार लगातार आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य के विकास को नई गति मिली है। उनके आने से बिहार के विकास में चार चांद लग गये हैं।




Users Today : 130
Who's Online : 0