पटना : बिहार मेंआज से छठ महापर्व की शुरुआत हो गई है। इस दौरान दूसरे राज्यों में रहने वाले बिहार के लोग बड़ी संख्या में अपने घर लौट रहे हैं। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दिल्ली और बिहार के बीच स्पेशल बसों का संचालन किया जा रहा है। दिल्ली से बिहार के पांच डिविजन के लिए कुल 77 बसें चलाई जा रही हैं। खास बात यह है कि छठ पर्व को देखते हुए यात्रियों को बस किराये में भी छूट दी जा रही है। इससे त्योहार पर घर लौटने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
पांच डिविजन के लिए 77 बसों का संचालन
जानकारी के अनुसार, शुरुआत में बिहार के पांच डिविजन के लिए बसों की व्यवस्था की गई है। इनमें पटना, पूर्णिया, दरभंगा, गया और मुजफ्फरपुर शामिल हैं। दिल्ली से पटना के लिए 13, पूर्णिया के लिए 12, दरभंगा के लिए 6, गया के लिए 10 और मुजफ्फरपुर के लिए 36 बसें चलाई जा रही हैं।
इन बसों के संचालन से दिल्ली और आसपास के इलाकों में रहने वाले बिहार के यात्रियों को घर पहुंचने में सहूलियत होगी। इसके अलावा बिहार के 18 प्रमुख रूटों पर भी बस सेवा उपलब्ध कराने की योजना है। इनमें पटना, गया, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, भागलपुर, नवादा और मधुबनी समेत अन्य प्रमुख शहर शामिल हैं।
एसी और नॉन एसी बसों की सुविधा
दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के मुताबिक, यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग श्रेणी की बसें चलाई जा रही हैं। इनमें एसी सीटर, एसी स्लीपर, नॉन एसी सीटर और नॉन एसी स्लीपर बसें शामिल हैं।
यात्रियों को किराये में लगभग 134 रुपये से लेकर 1,028 रुपये तक की छूट दी जा रही है। बसों का किराया भी यात्रियों की सुविधा और श्रेणी के अनुसार निर्धारित किया गया है।
पटना आने के लिए कितना देना होगा किराया?
दिल्ली से पटना आने वाले यात्रियों के लिए भी किराये में कटौती की गई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, नॉन एसी सीटर बस का किराया पहले 1,615 रुपये था, जिसे घटाकर 1,221 रुपये कर दिया गया है। वहीं, एसी सीटर बस का किराया 1,980 रुपये से घटाकर 1,361 रुपये किया गया है।
इस तरह छठ के मौके पर घर लौटने वाले यात्रियों को बस यात्रा में आर्थिक राहत मिलेगी। अलग-अलग श्रेणी की बसों के लिए किराया भी अलग-अलग निर्धारित किया गया है।
दूसरे राज्य में भी मान्य होगा बस टिकट
दिल्ली और बिहार के बीच बस संचालन को लेकर हुए समझौते के तहत एक राज्य में जारी टिकट दूसरे राज्य में भी मान्य होगा। यह व्यवस्था 10 साल तक या नया समझौता होने तक प्रभावी रहेगी। दोनों राज्य आपसी सहमति से इसकी अवधि आगे भी बढ़ा सकते हैं।
छठ महापर्व के दौरान बिहार लौटने वाले यात्रियों के लिए यह व्यवस्था काफी उपयोगी साबित हो सकती है। स्पेशल ट्रेनों के साथ बसों की संख्या बढ़ाए जाने और किराये में छूट मिलने से यात्रियों को घर पहुंचने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।




Users Today : 110
Who's Online : 2