Home देश Chhath Puja 2026: आज खरना के साथ शुरू होगा 36 घंटे का...

Chhath Puja 2026: आज खरना के साथ शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत, शाम को छठी मैया को लगेगा गुड़ की खीर का भोग; जानें पूजा विधि

0
383

पटना : लोक आस्था का महापर्व छठ पूरे बिहार में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। शुक्रवार, 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत हुई। आज शनिवार, 14 नवंबर को छठ व्रती खरना का अनुष्ठान करेंगे। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे और शाम को भगवान सूर्य तथा छठी मैया की पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद ग्रहण करेंगे। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद ही 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होगी।

शाम को होगा खरना, गुड़ की खीर का बनेगा प्रसाद

छठ महापर्व के दूसरे दिन खरना का विशेष महत्व है। इस दिन व्रती सुबह स्नान करने के बाद दिनभर उपवास रखते हैं। शाम को स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करते हैं और पूजा की तैयारी करते हैं। इसके बाद मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से पारंपरिक तरीके से प्रसाद तैयार किया जाता है।

खरना के प्रसाद में मुख्य रूप से गुड़ से बनी खीर, रोटी और केला शामिल होता है। कई जगहों पर चावल की खीर भी बनाई जाती है। पूजा के बाद व्रती सबसे पहले प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों और लोगों के बीच प्रसाद बांटा जाता है।

खरना के बाद शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत

खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रतियों का 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास शुरू हो जाता है। इस दौरान व्रती अन्न और जल दोनों का त्याग करते हैं। छठ व्रती पूरी श्रद्धा और नियम-निष्ठा के साथ इस कठिन व्रत को पूरा करते हैं।

15 नवंबर को डूबते सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य

छठ पूजा के तीसरे दिन यानी 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। इस दिन व्रती परिवार के सदस्यों के साथ छठ घाटों पर पहुंचेंगे और डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके लिए बांस की टोकरी और सूप में ठेकुआ, फल, नारियल, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री सजाई जाएगी।

इसके बाद 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। सुबह का अर्घ्य देने के बाद व्रती पारण करेंगे और इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो जाएगा।

छठ पूजा के दौरान मौसम भी रहेगा अनुकूल

छठ महापर्व के बीच मौसम को लेकर भी राहत की खबर है। उत्तर बिहार में 14 से 18 नवंबर तक मौसम साफ और शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। सुबह हल्की धुंध और दिन में धूप रहने की उम्मीद है। इससे घाटों पर पूजा-अर्चना करने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी।

छठ पूजा 2026 का चार दिवसीय कार्यक्रम

दिन तारीख अनुष्ठान
पहला दिन 13 नवंबर नहाय-खाय
दूसरा दिन 14 नवंबर खरना
तीसरा दिन 15 नवंबर संध्या अर्घ्य
चौथा दिन 16 नवंबर उषा अर्घ्य और पारण

इस महापर्व में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की जाती है। बिहार के साथ-साथ देश के विभिन्न हिस्सों में भी छठ की रौनक देखने को मिल रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
Bihar Chhath Puja 2026: छठ घाटों पर निजी नावों पर रहेगी रोक, 500 मेडिकल कैंप तैनात; DGP कंट्रोल रूम का नंबर जारी राज्य

Bihar Chhath Puja 2026: छठ घाटों पर निजी नावों पर रहेगी रोक, 500 मेडिकल कैंप तैनात; DGP कंट्रोल रूम का नंबर जारी