Home राज्य Bihar Chhath Puja 2026: छठ घाटों पर निजी नावों पर रहेगी रोक,...

Bihar Chhath Puja 2026: छठ घाटों पर निजी नावों पर रहेगी रोक, 500 मेडिकल कैंप तैनात; DGP कंट्रोल रूम का नंबर जारी

0
303

पटना : बिहार में लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। नहाय-खाय से लेकर उगते सूर्य को अर्घ्य देने तक श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए सरकार और प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। इस बार छठ घाटों पर सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं तक विशेष निगरानी रखी जाएगी। नदी और तालाबों में निजी नावों के परिचालन पर रोक रहेगी, जबकि पूरे बिहार में 500 से अधिक मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। वहीं, श्रद्धालुओं की मदद के लिए पुलिस मुख्यालय ने डीजीपी कंट्रोल रूम का हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।

दरअसल, छठ महापर्व के दौरान लाखों श्रद्धालु नदियों, तालाबों और दूसरे जलाशयों के किनारे अर्घ्य देने पहुंचते हैं। ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करने और पानी में होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। चार दिवसीय छठ पर्व के दौरान निजी नावों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा घाटों के आसपास पटाखों की बिक्री और उन्हें फोड़ने पर भी रोक लगाई गई है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए नदी और तालाबों में प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती होगी। साथ ही मोटरबोट और लाइफ जैकेट की व्यवस्था भी की जाएगी। खतरनाक घोषित किए गए घाटों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। यहां पुलिसकर्मियों के साथ प्रशासनिक अधिकारी और स्वयंसेवक भी तैनात रहेंगे। श्रद्धालु गहरे पानी में न जाएं, इसके लिए बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे।

घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रवेश और निकास मार्गों पर बैरिकेडिंग होगी। भीड़ वाले रास्तों की पहचान कर वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। प्रशासन माइकिंग के जरिए लगातार जरूरी सूचनाएं भी देगा।

पटना में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। किसी भी आपात स्थिति, भीड़ के दबाव या अफवाह की सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम को 24 घंटे सक्रिय रहने को कहा गया है। वहीं, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी नाव, लाइफ जैकेट और गोताखोरों के साथ घाटों पर तैनात रहेंगी।

छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सेहत को ध्यान में रखते हुए बिहार के सभी 38 जिलों में 500 से अधिक मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। इन शिविरों में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती होगी। जरूरत पड़ने पर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस भी उपलब्ध रहेगी।

आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला अस्पतालों में 15-15 बेड और मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में 35-35 बेड सुरक्षित रखे गए हैं। जरूरी दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग का राज्यस्तरीय कंट्रोल एंड कमांड सेंटर भी सक्रिय रहेगा। इसके अलावा डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की छुट्टियां 17 नवंबर तक रद्द कर दी गई हैं।

बिजली विभाग भी अलर्ट, जारी किया हेल्पलाइन नंबर

छठ के दौरान बिजली से जुड़ी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ऊर्जा विभाग ने भी विशेष तैयारी की है। घाटों तक बिजली पहुंचाने वाले उपकेंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। बिजली आपूर्ति से जुड़ी किसी भी समस्या या दुर्घटना की सूचना टोल फ्री नंबर 1912 पर दी जा सकती है।

छठ पूजा के जरूरी हेल्पलाइन नंबर

बिहार पुलिस मुख्यालय (DGP कंट्रोल रूम):

1. 0612-2294318

2. 0612-2294319

3. 0612-2294323

बिजली से जुड़ी शिकायत: 1912

छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए बिहार सरकार ने सुरक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और यातायात से जुड़ी तैयारियां की हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे घाटों पर जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, गहरे पानी में जाने से बचें और किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
बिहार सरकार की पंचायत प्रतिनिधियों को बड़ी सौगात, 2.50 लाख लोगों के खाते में आएगा भत्त राज्य

बिहार सरकार की पंचायत प्रतिनिधियों को बड़ी सौगात, 2.50 लाख लोगों के खाते में आएगा भत्त