पटना : राजधानी पटना में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पटना नगर निगम ने 100 से अधिक गंगा घाटों पर अर्घ्य देने की व्यवस्था की है। इसके अलावा अलग-अलग इलाकों में पांच अस्थायी तालाब भी तैयार किए गए हैं। इस बार नगर निगम छठ महापर्व को जीरो वेस्ट इवेंट के रूप में मनाने की तैयारी में है। इसके लिए गंगा घाटों पर 43 विशेष कचरा सेग्रिगेशन प्वाइंट बनाए गए हैं। वहीं, घाटों को आकर्षक बनाने के लिए ओडिशा के कलाकारों ने सैंड आर्ट तैयार किया है। कई घाटों पर सेल्फी प्वाइंट और आकर्षक तोरण द्वार भी बनाए गए हैं।
दरअसल, पटना नगर निगम ने छठ महापर्व को लेकर शहर के विभिन्न अंचलों में व्यापक इंतजाम किए हैं। घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, यात्री शेड, कंट्रोल रूम और वॉच टावर की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश और निकास के अलग-अलग रास्ते बनाए गए हैं। वहीं, खतरनाक घाटों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
गंगा नदी में पानी की स्थिति को देखते हुए नगर निगम ने वैकल्पिक व्यवस्था भी की है। पाटलिपुत्र अंचल में एलसीटी घाट, राजापुर पुल घाट और पहलवान घाट के पास तीन अस्थायी तालाब बनाए गए हैं। इनमें प्रत्येक तालाब में एक साथ करीब 500 व्रती अर्घ्य दे सकेंगे।
वहीं, बांकीपुर अंचल के बड़हड़वा घाट पर पक्के तालाब की व्यवस्था की गई है, जहां लगभग 50 व्रती एक साथ अर्घ्य दे सकेंगे। पटना सिटी के अब्दुल रहमानपुर घाट पर भी अस्थायी तालाब तैयार किया गया है। यहां करीब 300 श्रद्धालु एक साथ अर्घ्य दे सकेंगे।
नगर निगम के पाटलिपुत्र अंचल में 17 घाटों और दानापुर नगर परिषद के सात घाटों पर व्यवस्था की गई है। नूतन राजधानी अंचल में महेंद्रू घाट पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। बांकीपुर अंचल में 17 घाटों, अजीमाबाद अंचल में 26 घाटों और पटना सिटी क्षेत्र में 26 गंगा घाटों पर अर्घ्य देने की व्यवस्था की गई है।
अजीमाबाद के गाय घाट, भद्र घाट, केशवराय घाट और नौजर घाट सहित प्रमुख घाटों पर आकर्षक तोरण द्वार लगाए गए हैं। वहीं, कई घाटों पर सेल्फी प्वाइंट भी तैयार किए गए हैं।
काली घाट पर गंगा का जलस्तर दूर होने के कारण अर्घ्य देने के लिए पानी की उपलब्धता में परेशानी आ रही थी। इसके बाद पटना नगर निगम ने पोकलेन मशीन की मदद से नहर का निर्माण कराया, जिसके जरिए गंगा का पानी घाट तक पहुंचाया गया। वहीं, टीएन बनर्जी घाट और मिश्री घाट पर पानी उपलब्ध नहीं होने के कारण अर्घ्य की व्यवस्था नहीं की गई है। इन दोनों घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई है।
इस बार पटना नगर निगम छठ महापर्व को जीरो वेस्ट इवेंट के रूप में आयोजित कर रहा है। इसके तहत गंगा घाटों पर 43 विशेष सेग्रिगेशन प्वाइंट बनाए गए हैं। यहां चार अलग-अलग श्रेणियों में कचरा इकट्ठा किया जाएगा। गीले और सूखे कचरे को अलग करने के साथ अन्य अपशिष्टों का भी पृथक्करण किया जाएगा।
नगर निगम का लक्ष्य है कि छठ के दौरान घाटों से निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निपटारा हो और कोई भी अपशिष्ट डंपिंग साइट तक न पहुंचे। इसके लिए सफाईकर्मियों की तैनाती के साथ नियमित पेट्रोलिंग और माइकिंग की व्यवस्था की गई है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रमुख घाटों के आसपास पार्किंग की व्यवस्था की गई है। जेपी सेतु और गेट संख्या 93, 88 एवं 83 के पास लगभग एक-एक हजार वाहनों की पार्किंग क्षमता विकसित की गई है। अन्य घाटों पर भी 200 से 500 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है।
इसके अलावा कच्चे घाटों पर धूल से बचाव के लिए वाटर स्प्रिंकलर से पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। महिलाओं और व्रतियों की सुविधा के लिए घाटों पर दो से दस तक चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। सुरक्षा के लिए डबल लेयर क्रॉस बैरिकेडिंग भी की गई है।
कुल मिलाकर, पटना नगर निगम ने छठ महापर्व को लेकर घाटों पर सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं। नगर निगम की कोशिश है कि श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल में भगवान सूर्य को अर्घ्य दे सकें और छठ के बाद गंगा घाटों की स्वच्छता भी बनी रहे।




Users Today : 117
Who's Online : 0