डेस्क : छठ महापर्व के बाद बिहार से दूसरे शहरों में लौटने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। त्योहार खत्म होते ही पटना से देश के प्रमुख शहरों के लिए हवाई किराये में भारी उछाल देखने को मिल रहा है। हालात ऐसे हैं कि पटना से दिल्ली जाने के लिए यात्रियों को 34 हजार रुपये से ज्यादा खर्च करने पड़ सकते हैं। वहीं, पटना से अहमदाबाद और चेन्नई का हवाई किराया भी 40 हजार रुपये के पार पहुंच गया है। हैरानी की बात यह है कि 17 नवंबर को दुबई से दिल्ली आने का विमान किराया महज 14,390 रुपये बताया जा रहा है। यानी पटना से दिल्ली जाने का टिकट इससे दोगुने से भी ज्यादा महंगा है।
दरअसल, छठ महापर्व के बाद बड़ी संख्या में बिहार के लोग नौकरी, कारोबार और पढ़ाई के सिलसिले में दूसरे शहरों की ओर लौटते हैं। इस वजह से विमानों में सीटों की मांग बढ़ गई है। यात्रियों की बढ़ती संख्या और सीमित सीटों का सीधा असर हवाई किराये पर पड़ रहा है। 17 नवंबर को एयर इंडिया और इंडिगो की उड़ानों के टिकटों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
17 नवंबर को पटना से अहमदाबाद जाने के लिए एयर इंडिया का किराया 40,663 रुपये और इंडिगो का 40,463 रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, पटना से चेन्नई के लिए एयर इंडिया का टिकट 40,424 रुपये और इंडिगो का 34,614 रुपये बताया जा रहा है।
दिल्ली जाने वाले यात्रियों को भी महंगी टिकट खरीदनी पड़ सकती है। पटना से दिल्ली के लिए एयर इंडिया का किराया 34,665 रुपये और इंडिगो का 26,037 रुपये है। इसके अलावा पटना से कोलकाता जाने के लिए एयर इंडिया का किराया 30,970 रुपये और इंडिगो का 26,909 रुपये तक पहुंच गया है।
वहीं, पटना से मुंबई जाने के लिए एयर इंडिया का टिकट 30,915 रुपये और इंडिगो का 31,434 रुपये तक बताया जा रहा है।
दरअसल, छठ महापर्व के दौरान केंद्र सरकार ने विमान किराये पर अस्थायी सीमा तय की थी। यह व्यवस्था खत्म होने के बाद एयरलाइंस कंपनियां मांग के अनुसार किराया वसूल रही हैं। त्योहार के बाद यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सीमित सीटों के कारण टिकटों की कीमतों में तेजी आई है।
हवाई सफर महंगा होने के साथ ही ट्रेन से यात्रा करने वाले लोगों की परेशानी भी कम नहीं है। छठ के बाद बिहार से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और दूसरे शहरों में जाने वाली ट्रेनों में सीटों की मांग काफी बढ़ गई है। स्पेशल ट्रेनें चलने के बावजूद यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है।
ऐसे में बिहार से बाहर लौटने वाले यात्रियों के सामने दोहरी परेशानी है। एक तरफ हवाई टिकटों की कीमत आसमान छू रही है, तो दूसरी तरफ ट्रेनों में कन्फर्म सीट के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।




Users Today : 117
Who's Online : 0