Home राज्य बिहार में बनेगा देश का पहला पुल म्यूजियम, नीतीश सेतु के पास...

बिहार में बनेगा देश का पहला पुल म्यूजियम, नीतीश सेतु के पास तैयार हो रहा तीन मंजिला भवन

0
8

पटना : बिहार में जल्द ही देश का पहला पुल म्यूजियम अस्तित्व में आने वाला है। पटना गंगा पथ के कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल यानी नीतीश सेतु के पास इसका तीन मंजिला भवन लगभग तैयार हो चुका है। पथ निर्माण विभाग की ओर से इसे आकर्षक और ज्ञानवर्धक बनाने की तैयारी की जा रही है। इस म्यूजियम में लोगों को पुल के निर्माण से जुड़ी पूरी कहानी तस्वीरों, वीडियो और डिजिटल माध्यमों से देखने और समझने का मौका मिलेगा।

इस म्यूजियम में सिर्फ पुल निर्माण की कहानी ही नहीं दिखाई जाएगी, बल्कि यह भी बताया जाएगा कि पुल बनने से पहले इस इलाके की स्थिति कैसी थी। उस समय लोगों को आवागमन में किन परेशानियों का सामना करना पड़ता था और पुल बनने के बाद क्षेत्र में किस तरह के बदलाव आए, इसकी जानकारी भी तस्वीरों और डिजिटल माध्यमों से दी जाएगी।

कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के निर्माण में कई आधुनिक तकनीकों और विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया गया है। गंगा नदी में पिलर तैयार करने के लिए जेटी जैसी विशेष व्यवस्था का उपयोग किया गया था। कोरोना काल के दौरान निर्माण कार्य में आई चुनौतियों को भी म्यूजियम में प्रदर्शित किया जाएगा। यहां निर्माण में इस्तेमाल की गई मशीनों के मॉडल, उपकरणों और विभिन्न निर्माण सामग्रियों को भी रखा जाएगा।

म्यूजियम में आने वाले लोगों के मनोरंजन और जानकारी का भी खास ध्यान रखा जाएगा। इसके लिए पुल के शिलान्यास से लेकर निर्माण पूरा होने और उस पर वाहनों के परिचालन शुरू होने तक की पूरी यात्रा वीडियो के माध्यम से दिखाई जाएगी। इससे लोग समझ सकेंगे कि किस तरह एक बड़ी परियोजना ने धीरे-धीरे आकार लिया।

पुल निर्माण में योगदान देने वाले अधिकारियों, इंजीनियरों और अन्य कर्मचारियों को भी म्यूजियम में विशेष स्थान दिया जाएगा। उनकी तस्वीरें प्रदर्शित की जाएंगी, ताकि नई पीढ़ी को इस परियोजना को पूरा करने में योगदान देने वाले लोगों के बारे में जानकारी मिल सके।

फिलहाल पथ निर्माण विभाग म्यूजियम में प्रदर्शित की जाने वाली चीजों को व्यवस्थित और आकर्षक बनाने की तैयारी में जुटा है। इसका उद्देश्य बिहार की इंजीनियरिंग उपलब्धियों को सहेजने के साथ आम लोगों और नई पीढ़ी के लिए इसे ज्ञान का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनाना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
नीतीश सेतु के नाम पर तेज प्रताप की आपत्ति, बोले- पुल का नाम लालू प्रसाद यादव के नाम पर रखा जाए राज्य

नीतीश सेतु के नाम पर तेज प्रताप की आपत्ति, बोले- पुल का नाम लालू प्रसाद यादव के नाम पर रखा जाए