अयोध्या : राम मंदिर के स्वर्ण शिखर पर धर्म ध्वजा फहराए जाने की पहली वर्षगांठ इस बार 14 दिसंबर को मनाई जाएगी। तारीख के हिसाब से ध्वजारोहण को 25 नवंबर को एक साल पूरा हो जाएगा, लेकिन श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने वर्षगांठ मनाने के लिए धार्मिक तिथि को प्राथमिकता दी है। पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत की मौजूदगी में विवाह पंचमी के दिन राम मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा फहराई थी। इस साल विवाह पंचमी 14 दिसंबर को पड़ रही है।
वर्षगांठ के आयोजन को लेकर श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक 2 दिसंबर को प्रस्तावित है। इसी बैठक में कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी। आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ या अन्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना पर भी फैसला लिया जा सकता है।
राम मंदिर और रामजन्मभूमि परिसर के सभी मंदिरों का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ट्रस्ट ने ध्वजारोहण की परंपरा शुरू कराई थी। सनातन धर्म में मंदिर के शिखर पर पताका फहराने के बाद मंदिर को परिपूर्ण माना जाता है। इसी परंपरा के तहत पिछले साल विवाह पंचमी के दिन अभिजित मुहूर्त में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा फहराई थी।
इसके बाद 31 दिसंबर को प्राण प्रतिष्ठा की द्वितीय प्रतिष्ठा द्वादशी के अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मां अन्नपूर्णा मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण किया था। इसके बाद रामजन्मभूमि परिसर के अन्य मंदिरों पर भी अलग-अलग तिथियों में ध्वजाएं फहराई गईं।
राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की तीसरी वर्षगांठ अगले साल 19 जनवरी को मनाई जाएगी। अधिकमास के कारण वर्ष 2026 में पौष शुक्ल द्वादशी की तिथि नहीं पड़ रही है। इसी वजह से तीसरी वर्षगांठ 2027 में मनाई जाएगी। ट्रस्ट ने धार्मिक तिथियों और परंपराओं के अनुसार ही वर्षगांठ के आयोजन की तैयारी की है।




Users Today : 341
Who's Online : 4