पटना : बिहार की राजधानी पटना के पॉश अपार्टमेंटों में बैठकर विदेश तक ऑनलाइन सट्टेबाजी का बड़ा नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। इस गिरोह के तार दुबई से लेकर अमेरिका तक जुड़े थे। विदेशी सर्वर पर वेबसाइट चलाकर लोगों को कम समय में मोटी कमाई का लालच दिया जाता था और फिर करोड़ों रुपये की ठगी की जाती थी। मामले का खुलासा करते हुए पटना पुलिस ने झारखंड, पश्चिम बंगाल, दिल्ली और उत्तर प्रदेश की पुलिस के सहयोग से छह शहरों में एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में मुख्य सरगना संदीप कुमार गुप्ता समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 37 अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह का संचालन दुबई में बैठे मुख्य सरगना संदीप कुमार गुप्ता के इशारे पर किया जा रहा था। गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन सट्टेबाजी के जाल में फंसाते थे। शुरुआत में छोटी रकम लगाने वालों को जीत दिलाकर उनका भरोसा जीता जाता था। इसके बाद जब लोग बड़ी रकम लगाते थे, तो उनका पैसा डुबा दिया जाता था या जीतने के बावजूद भुगतान नहीं किया जाता था।
महादेव एप की तर्ज पर विदेशी वेबसाइटों से चल रहा था खेल
जांच में पता चला है कि गिरोह विदेशी सर्वर के माध्यम से कई ऑनलाइन सट्टेबाजी वेबसाइटें संचालित कर रहा था। इनमें बालीएक्सचेंज डॉट कॉम, शिवा 365 डॉट लाइव, क्रिकबजएक्सचेंज डॉट कॉम और बजिम्मरी डॉट कॉम शामिल हैं। इनकी कार्यप्रणाली चर्चित महादेव सट्टेबाजी एप की तर्ज पर बतायी जा रही है।
गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया पर आकर्षक विज्ञापन डालकर लोगों को कम समय में अधिक पैसा कमाने का लालच देते थे। इसके बाद व्हाट्सएप कॉल और चैट के जरिए संपर्क कर उन्हें सट्टेबाजी के तरीके समझाये जाते थे। पैसे जमा कराने के लिए बैंक खातों और क्यूआर कोड का इस्तेमाल किया जाता था। शुरुआत में जीत दिलाकर लोगों को बड़ी रकम लगाने के लिए प्रेरित किया जाता था।
44 बैंक खातों में 88.52 करोड़ रुपये का लेन-देन
पुलिस की जांच में इस पूरे नेटवर्क के वित्तीय लेन-देन से जुड़ा बड़ा खुलासा हुआ है। गिरोह ने 15 अलग-अलग बैंकों में 44 करंट खाते खुलवा रखे थे, जिनका इस्तेमाल म्यूल अकाउंट के रूप में किया जा रहा था।
जांच के अनुसार, इन खातों में करीब 88.52 करोड़ रुपये जमा हुए थे। इनमें से लगभग 87.62 करोड़ रुपये दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिये गये। पुलिस को आशंका है कि ठगी की रकम को छिपाने के लिए फर्जी फर्मों और शेल कंपनियों का इस्तेमाल किया जा रहा था। अब जांच एजेंसियां इन खातों के वास्तविक लाभार्थियों की पहचान करने में जुटी हैं।
अमेरिका से छह किस्तों में आये 15.23 करोड़ रुपये
गिरोह का नेटवर्क भारत तक सीमित नहीं था। जांच में अक्टूबर 2023 से अक्टूबर 2024 के बीच अमेरिका से छह बार में कुल 18 लाख 54 हजार 690 अमेरिकी डॉलर भारतीय बैंक खातों में भेजे जाने की जानकारी मिली है। भारतीय मुद्रा में इसकी कीमत करीब 15.23 करोड़ रुपये बतायी गयी है।
जांच एजेंसियां अब अमेरिका से आये पैसों के स्रोत, संबंधित बैंक खातों और रकम आगे किन लोगों या कंपनियों को भेजी गयी, इसकी पड़ताल कर रही हैं। अंतरराष्ट्रीय लेन-देन के इस खुलासे से गिरोह के विदेशों से जुड़े वित्तीय नेटवर्क की भी जांच तेज हो गई है।
पटना के चार पॉश अपार्टमेंटों में छापेमारी
पुलिस ने पटना के चार प्रमुख ठिकानों पर छापेमारी की। इनमें मेरिडियन इन्क्लेव अपार्टमेंट, सुशीला रेजिडेंसी, जेडी टावर और खगौल स्थित अग्रणी होम्स शामिल हैं। पुलिस को आशंका है कि इन रिहायशी फ्लैटों से ऑनलाइन सट्टेबाजी के संचालन, बैंक खातों के प्रबंधन और वित्तीय लेन-देन से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
रांची से सरगना संदीप और पत्नी गिरफ्तार
पुलिस की कार्रवाई में रांची से गिरोह के मुख्य सरगना संदीप कुमार गुप्ता और उसकी पत्नी लवली प्रिया को गिरफ्तार किया गया है। वहीं पटना से मनदीप सिंह उर्फ गोल्डी, कौशल कुमार, चंगु और मोनू कुमार उर्फ मंगू को गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा रांची, कोलकाता, प्रयागराज और पटना के अलग-अलग ठिकानों से 37 अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह में कौन वेबसाइट संचालन, सोशल मीडिया प्रचार, बैंक खातों और पैसों के लेन-देन की जिम्मेदारी संभाल रहा था।
हवाई जहाज से करते थे अलग-अलग शहरों की यात्रा
जांच में यह भी जानकारी सामने आयी है कि मुख्य सरगना संदीप कुमार गुप्ता, उसकी पत्नी और गिरोह के अन्य सदस्य दिल्ली, रांची और पटना समेत अलग-अलग शहरों के बीच हवाई जहाज से आवाजाही करते थे। पुलिस उनकी यात्राओं, संपर्कों और वित्तीय गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस की जांच विदेशी सर्वर पर संचालित वेबसाइटों, 44 बैंक खातों, अमेरिका से आये करोड़ों रुपये और गिरोह के अन्य सदस्यों पर केंद्रित है। हिरासत में लिये गये संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर इस अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।




Users Today : 42
Who's Online : 1