Home राज्य संयुक्त राष्ट्र के अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे सीवान के...

संयुक्त राष्ट्र के अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे सीवान के कुमार विवेक शाही, जिनेवा में किसानों की आय और मानवाधिकारों पर रखेंगे विचार

0
8

सीवान : बिहार के सीवान जिले के लिए गौरव की खबर है। रघुनाथपुर प्रखंड के गभीरार गांव निवासी कुमार विवेक शाही 15वें संयुक्त राष्ट्र व्यवसाय एवं मानवाधिकार मंच में वक्ता के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। फेयरट्रेड इंटरनेशनल की ओर से आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में उनके चयन से रघुनाथपुर सहित पूरे जिले में खुशी का माहौल है। उन्हें 23 से 25 नवंबर तक स्विट्जरलैंड के जिनेवा स्थित पैलेस दे नेशंस में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण मिला है।

विशेष सत्र में किसानों की आय और उचित मजदूरी पर रखेंगे विचार

गभीरार गांव निवासी गोपाल जी प्रसाद नारायण शाही के पुत्र कुमार विवेक शाही को फेयरट्रेड इंटरनेशनल की सदस्य संस्था फेयरट्रेड मैक्स हवेलार स्विट्जरलैंड की ओर से आमंत्रित किया गया है। वह सम्मेलन के एक विशेष सत्र में वक्ता के रूप में अपने विचार और अनुभव साझा करेंगे।

इस सत्र का विषय ‘लिविंग इनकम एंड लिविंग वेज : व्हेयर आर वी नाउ एंड हाउ कैन ह्यूमन राइट्स ड्यू डिलिजेंस ड्राइव एक्शन?’ रखा गया है। इसमें किसानों की आय, उचित मजदूरी, मानवाधिकारों के संरक्षण और जिम्मेदार व्यावसायिक गतिविधियों जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। कुमार विवेक शाही इन विषयों पर अपने अनुभव साझा करते हुए किसानों और ग्रामीण समुदायों से जुड़े मुद्दों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठाएंगे।

जैविक कृषि और किसान सशक्तिकरण में 22 वर्षों का अनुभव

कुमार विवेक शाही को जैविक कृषि, किसान सशक्तिकरण, सतत आजीविका, निष्पक्ष व्यापार और जिम्मेदार व्यावसायिक गतिविधियों के क्षेत्र में 22 वर्षों से अधिक का अनुभव है। लंबे समय से इस क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने किसानों और ग्रामीण समुदायों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर कार्य किया है।

जिनेवा में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में वह भारत सहित एशिया-प्रशांत क्षेत्र के किसानों की समस्याओं, अनुभवों और अपेक्षाओं को अंतरराष्ट्रीय नीति निर्माताओं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और मानवाधिकार विशेषज्ञों के सामने रखेंगे।

सीवान और बिहार के लिए गौरव की उपलब्धि

कुमार विवेक शाही का संयुक्त राष्ट्र के अंतरराष्ट्रीय मंच पर वक्ता के रूप में चयन रघुनाथपुर और सीवान जिले के लिए विशेष उपलब्धि माना जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचना उनकी वर्षों की मेहनत और अनुभव को मिली पहचान के रूप में देखा जा रहा है।

उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों, शुभचिंतकों और विभिन्न जिलों के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए जिनेवा में भारत का सफल प्रतिनिधित्व करने और किसानों की आवाज को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
मगध विश्वविद्यालय में नैक मूल्यांकन की प्रक्रिया ठप, अनुदान और डिग्रियों की मान्यता पर मंडराया संकट; बिगड़ रहा शैक्षणिक कैलेंडर राज्य

मगध विश्वविद्यालय में नैक मूल्यांकन की प्रक्रिया ठप, अनुदान और डिग्रियों की मान्यता पर मंडराया संकट; बिगड़ रहा शैक्षणिक कैलेंडर