पटना : राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधान पार्षद सुनील सिंह से प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने करीब 8 घंटे तक पूछताछ की। चना दाल गबन और कथित वित्तीय अनियमितता से जुड़े मामले में ED ने उन्हें पूछताछ के लिए अपने कार्यालय बुलाया था। लगातार दो समन के बावजूद पेश नहीं होने के बाद तीसरे समन पर सुनील सिंह अपने वकील के साथ ED दफ्तर पहुंचे। पूछताछ के बाद बाहर निकले तो मीडिया के सवालों पर उन्होंने ऐसा जवाब दिया, जिसकी अब खूब चर्चा हो रही है।
ED दफ्तर से बाहर निकलने के बाद पत्रकारों ने जब उनसे पूछताछ को लेकर सवाल किया तो सुनील सिंह ने कहा कि जो भी साक्ष्य उनके पास हैं, उन्होंने ED के अधिकारियों के सामने रख दिए हैं। उन्होंने दावा किया कि गर्दनीबाग थाने में उनके खिलाफ फर्जी FIR दर्ज कराई गई थी। सुनील सिंह के मुताबिक, बिस्कोमान के एक साधारण कर्मचारी ने अपनी पत्नी के माध्यम से उनके, उनकी पत्नी और बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। इसी मामले के सिलसिले में ED ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया था।
वहीं, जब मीडिया ने उनसे दाल घोटाले को लेकर सवाल किया तो सुनील सिंह ने उल्टा पत्रकारों से ही सवाल कर दिया। उन्होंने कहा, “आप लोग कहते हैं दाल घोटाला, दाल घोटाला… यह दाल घोटाला क्या होता है? दाल से मकान बनता है क्या? दाल खाने के उपयोग में आती है। क्या होता है दाल घोटाला, आप मीडिया वाले ही बता दें।”
उन्होंने आगे कहा कि अगर किसी को 12 घंटे भी बैठाकर पूछताछ की जाती है तो इसका मतलब यह नहीं है कि वह परेशान है।
दरअसल, पूरा मामला बिस्कोमान से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोपों के मुताबिक, रियायती दर पर भारत चना दाल उपलब्ध कराने का भरोसा देकर लोगों से पैसे लिए गए थे। शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि भुगतान करने के बावजूद उन्हें दाल की आपूर्ति नहीं की गई। इसके बाद पटना के गर्दनीबाग थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
पुलिस जांच के दौरान कथित वित्तीय लेन-देन और दाल की आपूर्ति से जुड़े कई पहलुओं की पड़ताल की गई। मामला धोखाधड़ी और आर्थिक अनियमितता के आरोपों तक पहुंचा। सितंबर 2026 में अदालत में चार्जशीट दाखिल होने के बाद जांच ने नया मोड़ लिया। अब ED इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रही है।
इस मामले में सुनील सिंह के परिवार के कुछ सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं। उनकी पत्नी वंदना सिंह पर भी दाल की आपूर्ति के नाम पर पैसे लेने और धोखाधड़ी करने के आरोप लगाए गए हैं।
वहीं, उनके बेटे यशस्वी सिंह का नाम सारण फल-सब्जी कृषक स्वावलंबी सेवा समिति लिमिटेड से जुड़े एक अलग मामले में सामने आया है। आरोप है कि इस प्रकरण में करीब 3.71 लाख रुपये लिए गए, लेकिन संबंधित व्यक्ति को माल की आपूर्ति नहीं की गई।
फिलहाल, ED कथित वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच कर रही है। वहीं, 8 घंटे की पूछताछ के बाद सुनील सिंह के दाल घोटाले पर दिए गए बयान ने इस पूरे मामले को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।




Users Today : 438
Who's Online : 1