पटना : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ समीक्षा बैठक और निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के साथ कथित धक्का-मुक्की का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात विशेष सुरक्षा दल यानी SSG ने अपनी सफाई जारी की है। SSG ने इस घटना को मानवीय भूल बताया है।
दरअसल, विशेष सुरक्षा दल (SSG), बिहार की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर SSG कर्मियों द्वारा स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को हटाए जाने की घटना को प्रचारित किया जा रहा है। इस मामले की जांच विशेष सुरक्षा दल के समादेष्टा की ओर से कराई गई।
जांच में पाया गया कि सुरक्षा कर्मी निर्धारित सिक्योरिटी प्रोटोकॉल के तहत अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। इसी दौरान मानवीय भूल के कारण यह घटना हुई। SSG ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था के दौरान हुई इस चूक की जांच की गई है।
प्रेस विज्ञप्ति में एक और अहम बात कही गई है। SSG के मुताबिक, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को कुछ महीने पहले तक विशेष सुरक्षा दल की ओर से सुरक्षा प्रदान की जाती रही थी। करीब दो दशकों तक SSG उनके सुरक्षा घेरे में तैनात रही थी।
SSG की इस सफाई के बाद अब धक्का-मुक्की की घटना को लेकर सियासी और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, विशेष सुरक्षा दल ने अपनी जांच के आधार पर इसे सुरक्षा प्रोटोकॉल के दौरान हुई मानवीय भूल करार दिया है।




Users Today : 390
Who's Online : 6