Home राज्य वैशाली में बनेगा बिहार का सबसे बड़ा इंडस्ट्रियल हब! PM मोदी रखेंगे...

वैशाली में बनेगा बिहार का सबसे बड़ा इंडस्ट्रियल हब! PM मोदी रखेंगे 1300 एकड़ की परियोजना की नींव, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

0
4

वैशाली : बिहार में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार मिलने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को वैशाली जिले के जाफरपट्टी में आयोजित कार्यक्रम में राजापाकर और जंदाहा में बनने वाले नए इंडस्ट्रियल एरिया का शिलान्यास करेंगे। करीब 1300 एकड़ जमीन पर विकसित होने वाले इस औद्योगिक क्षेत्र में देश के कई बड़े औद्योगिक घरानों की फैक्ट्रियां लगाने की तैयारी है। इससे न सिर्फ वैशाली बल्कि बिहार के दूसरे जिलों के युवाओं के लिए भी रोजगार के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में देश के कई बड़े उद्योगपतियों को भी आमंत्रित किया गया है।

राजापाकर और जंदाहा अंचल की 11 मौजों में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। कुल 1234.42497 एकड़ जमीन का दखल-कब्जा 7 नवंबर को औद्योगिक विकास प्राधिकरण यानी IDA पटना को सौंप दिया गया। जिलाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देश पर जिला भू-अर्जन कार्यालय ने जमीन अधिग्रहण और मुआवजे की प्रक्रिया में तेजी दिखाई। अब तक करीब 5200 जमीन मालिकों से संबंधित 389 करोड़ रुपये के मुआवजे की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

वैशाली पहले से ही बिहार के प्रमुख औद्योगिक जिलों में शामिल है। हाजीपुर में 100 से अधिक छोटी-बड़ी औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं। इसके अलावा गोरौल और जंदाहा में भी नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जा रहे हैं। गोरौल में बंद पड़ी चीनी मिल की जमीन बियाडा को दी जा चुकी है, जहां कई औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने की तैयारी है। वहीं, जंदाहा में हाजीपुर-जंदाहा एनएच-322 के पास औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है।

इन औद्योगिक क्षेत्रों तक बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है। गोरौल का औद्योगिक क्षेत्र हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच-22 के पास है, जबकि हाजीपुर का औद्योगिक क्षेत्र एनएच-322 से जुड़ा है। राजापाकर और जंदाहा के नए औद्योगिक क्षेत्रों को सिक्सलेन पुल के रास्ते आमस जाने वाले सिक्सलेन हाईवे से जोड़ने की योजना है। इससे फैक्ट्रियों तक कच्चा माल पहुंचाने और तैयार उत्पादों को दूसरे राज्यों एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक भेजने में आसानी होगी।

इस परियोजना की एक और बड़ी खासियत राजापाकर में बनने वाला नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फूड टेक्नोलॉजी, एंटरप्रेन्योरशिप एंड मैनेजमेंट यानी NIFTEM है। करीब 100 एकड़ जमीन पर बनने वाला यह देश का तीसरा ऐसा संस्थान होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को इसकी भी आधारशिला रखेंगे। इस संस्थान से खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को बढ़ावा मिलने के साथ युवाओं को तकनीकी शिक्षा और रोजगार के अवसर मिलने की उम्मीद है।

हाजीपुर का औद्योगिक क्षेत्र पहले से ही उत्तर बिहार की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यहां एवन साइकिल, गोदरेज एग्रो प्रोडक्ट, राकेश मसाला, ब्रिटानिया और पेप्सिको जैसी कंपनियों की इकाइयां हैं। इन फैक्ट्रियों में करीब 5 से 7 हजार लोगों को रोजगार मिल रहा है।

हाजीपुर की कॉम्पिटेंस एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में खास सुरक्षा वाले जूते और डिजाइनर फुटवियर तैयार किए जाते हैं। यहां बने जूतों की मांग रूस सहित इटली, फ्रांस, स्पेन, ब्रिटेन और बेल्जियम जैसे देशों में भी है।

ऐसे में राजापाकर और जंदाहा में प्रस्तावित नए औद्योगिक क्षेत्र बिहार के औद्योगिक भविष्य के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। राज्य सरकार ने एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से स्थानीय स्तर पर रोजगार, निवेश और कारोबार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। अब सबकी नजर 21 नवंबर को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम और उसके बाद शुरू होने वाले औद्योगिक विकास के काम पर टिकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Check Also
रूस, चीन और अमेरिका की साझा घोषणाः पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति बढ़ेगी, परमाणु जोखिम कम करने पर बातचीत विश्व समाचार

रूस, चीन और अमेरिका की साझा घोषणाः पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति बढ़ेगी, परमाणु जोखिम कम करने पर बातचीत