डेस्क : वाहन चालकों के लिए बड़ी खबर है। केंद्र सरकार ने प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र यानी PUC की वैधता से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। नए नियमों के तहत अब BS6 वाहनों के लिए PUC सर्टिफिकेट की अवधि गाड़ी की उम्र और उसके निजी या कमर्शियल इस्तेमाल के आधार पर तय होगी। इससे खासकर नई निजी गाड़ियों के मालिकों को बार-बार PUC बनवाने की परेशानी से राहत मिलेगी।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने 13 नवंबर 2026 को Central Motor Vehicles (Sixteenth Amendment) Rules, 2026 की अधिसूचना जारी की है। नए नियम आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशित होने की तारीख से लागू हो गए हैं।
नए नियमों के मुताबिक, 6 साल तक पुराने BS6 निजी वाहनों का PUC सर्टिफिकेट अब 3 साल तक वैध रहेगा। वहीं, 6 साल से अधिक और 10 साल तक पुराने BS6 निजी वाहनों के लिए हर साल PUC रिन्यू कराना होगा। 10 साल से अधिक पुराने वाहनों को हर 6 महीने में नया प्रदूषण प्रमाणपत्र लेना अनिवार्य होगा।
BS6 कमर्शियल वाहनों के लिए अलग व्यवस्था की गई है। 6 साल तक पुराने कमर्शियल वाहनों का PUC सर्टिफिकेट 2 साल तक वैध रहेगा। 6 से 10 साल तक पुराने वाहनों के लिए इसकी वैधता एक साल होगी, जबकि 10 साल से अधिक पुराने कमर्शियल वाहनों को हर 6 महीने में PUC रिन्यू कराना होगा।
वहीं, BS1, BS2 और BS3 वाहनों के लिए PUC सर्टिफिकेट की वैधता 3 महीने और BS4 वाहनों के लिए 6 महीने निर्धारित की गई है। यानी इन गाड़ियों के मालिकों को पहले की तरह तय समय पर प्रदूषण प्रमाणपत्र बनवाना होगा।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी वाहनों के पास राज्य सरकार की अधिकृत एजेंसी से जारी वैध PUC सर्टिफिकेट होना जरूरी है। नए नियम लागू होने से पहले जारी प्रमाणपत्रों की वैधता में तत्काल बदलाव नहीं होगा। इन पर नए नियम पहली बार रिन्यूअल कराने के समय लागू होंगे।
इसके अलावा, यदि वाहन मालिक पुराने PUC की समाप्ति से 10 दिन पहले के भीतर रिन्यूअल कराता है, तो नए प्रमाणपत्र की वैधता पुराने सर्टिफिकेट की समाप्ति की तारीख से शुरू होगी। लेकिन एक्सपायर होने के बाद रिन्यूअल कराने पर वैधता आवेदन की तारीख से गिनी जाएगी। नए नियमों से BS6 निजी और कमर्शियल वाहन मालिकों को राहत मिलेगी। हालांकि, PUC की वैधता वाहन की उम्र और श्रेणी के हिसाब से ही तय होगी।




Users Today : 338
Who's Online : 4