पटना 8 अगस्त: सिवान जिला स्थित चिंतामनपुर, दरौंधा में वी.वी. गिरि विश्वविद्यालय परिसर में देश के चतुर्थ राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. वराहगिरि वेंकट गिरि की जयंती 9 अगस्त को श्रद्धा, गरिमा एवं भव्यता के साथ मनाई जाएगी। जयंती समारोह को लेकर विश्वविद्यालय प्रबंधन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियाँ की जा रही हैं। समारोह को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप प्रदान किया जा रहा है।
डॉ. वी.वी. गिरि का जीवन देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, श्रमिक कल्याण, सामाजिक न्याय एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण रहा है। उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व से नई पीढ़ी को निरंतर प्रेरणा प्राप्त होती रही है। इसी उद्देश्य से उनकी जयंती को विश्वविद्यालय परिसर में विशेष शैक्षणिक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया जा रहा है। जयंती समारोह में जनप्रतिनिधि के साथ ही राज्य के विभिन्न जिलों से शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों, बुद्धिजीवियों एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों की उपस्थिति हो रहे है। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. कौशल कुमार गिरि, कुलाधिपति, वी.वी. गिरि विश्वविद्यालय करेंगे।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. कौशल कुमार गिरि ने बताया कि जयंती समारोह को गरिमामय एवं प्रेरणादायी बनाने के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं। समारोह में अधिक से अधिक शिक्षाविदों एवं निकटवर्ती जिलों के क्षेत्रवासियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डॉ. वी.वी. गिरि का जीवन संघर्ष, सेवा, नेतृत्व एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उनके विचारों को विद्यार्थियों एवं युवाओं तक पहुँचाना आज के समय में अत्यंत आवश्यक है साथ ही बताया कि विश्वविद्यालय के लिए यह विशेष गौरव का विषय है कि डॉ. वी.वी. गिरि के नाम पर स्थापित विश्वविद्यालय परिसर में उनकी जयंती मनाई जा रही है। इस अवसर पर श्री दुलाल चन्द्र गोस्वामी, भूतपूर्व मंत्री एवं सदस्य बिहार विधान सभा, श्री करणजीत सिंह उर्फ व्यास जी, सदस्य बिहार विधान सभा, श्री मनोज कुमार सिंह, निदेशक, बिस्कोमान सह पूर्व एम.एल.सी., श्री वाई. वी. गिरि, वरिष्ठ अधिवक्ता, पटना उच्च न्यायालय, श्री राजू गिरि, वरिष्ठ अधिवक्ता, पटना उच्च न्यायालय, प्रो. (डॉ) के.सी. सिन्हा, शिक्षाविद, पूर्व कुलपति, महन्त पटनदेवी, पटना, प्रो. अरूण कुमार सिंह, प्राचार्य, आर.एन.सिह. डिग्री कॉलेज, छपरा., डॉ. अभय कुमार सिंह, प्राचार्य, गोरख सिंह बी.एड कॉलेज, महाराजगंज, सिवान, प्रो. (डॉ.) सिद्धार्थ शंकर सिंह, पूर्व उप कुलपति, कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय, दरभंगा, प्रो. गणेश प्रसाद सिंह, पूर्व प्राचार्य, यू.टी. कॉलेज, बेगुसराय इत्यादि जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद एवं समाजिक व्यक्तियों का आगमन होगा। इस जयंती समारोह को प्रेरणा एवं ज्ञान का अवसर बनाया जाएगा। युवाओं को उनके जीवन से अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रसेवा की भावना ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सभी शिक्षाविदों, विद्यार्थियों, अभिभावकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों एवं क्षेत्रवासियों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होकर भारत रत्न डॉ. वी.वी. गिरि को श्रद्धांजलि अर्पित करने एवं उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया गया है।

