- प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अध्यक्षता में हुई बैठक, विभागों को लंबित मामलों की अद्यतन सूची सौंपने का निर्देश
डेस्क : आगामी 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक सुलहनीय मामलों का निपटारा करने को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ऋषिकांत की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में बैठक आयोजित की गई। इसमें बेगूसराय जिलाधिकारी रिची पांडेय, पुलिस अधीक्षक मनीष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सह अवर न्यायाधीश करुणानिधि प्रसाद आर्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी और जिला परिवहन पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान अलग-अलग विभागों में लंबित सुलहनीय मामलों की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने आपसी सहमति और समझौते के आधार पर अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने को लेकर विचार-विमर्श किया।
लंबित मामलों की सूची तैयार करने का निर्देश
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने संबंधित विभागों को अपने यहां लंबित सुलहनीय मामलों की अद्यतन सूची तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही मामलों में जमा की गई राशि का पूरा विवरण प्रस्तुत करने को कहा गया। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि संबंधित पक्षकारों को समय रहते सूचना उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने मामलों के निपटारे की प्रक्रिया में शामिल हो सकें।
समन्वय और प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर
बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से मामलों का त्वरित और प्रभावी निष्पादन कराने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही आम लोगों और पक्षकारों तक लोक अदालत से जुड़ी जरूरी जानकारी पहुंचाने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी चर्चा हुई।
अधिकारियों ने आवश्यक तैयारियों को समय पर पूरा करने और पात्र पक्षकारों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर सहमति जताई। राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य आपसी समझौते के जरिए विवादों का सरल, सुलभ और त्वरित समाधान करना है।




Users Today : 259
Who's Online : 5